मुख्यमंत्री कप खेल प्रतियोगिताओं हेतु ब्लाक मुख्यालयो में 20 नवम्बर तक
रायसेन | मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिले में युवा अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री कप 2022-23 का विकासखण्ड और जिला स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कप के तहत खो-खो, व्हॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, एथेलेटिक्स (100मी, 200मी, 400मी, 1000मी, लॉगजम्प, हाईजम्प, शॉटपुट, जैवलीन) एवं कुश्ती बालक वर्ग में 42 किग्रा, 46 किग्रा, 50 किग्रा, 54 किग्रा, 58 किग्रा, 63 किग्रा, 69 किग्रा तथा 76 किग्रा से अधिक और कुश्ती बालिका वर्ग में 38 किग्रा, 40 किग्रा, 43 किग्रा, 46 किग्रा, 49 किग्रा, 52 किग्रा, 56 किग्रा, 60 किग्रा से अधिक बालक/बालिका वर्ग विकासखण्ड और जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगीं।
जिला खेल अधिकारी जलज चतुर्वेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री कप खेल प्रतियोगिताओं में 1 जनवरी 2005 के पश्चात् में प्रतिभागी जिनकी आयु 31 दिसम्बर 2022 को 18 वर्ष से कम है, ऐसे बालक/बालिका भाग ले सकेंगे। आयु प्रमाण पत्र हेतु खिलाड़ी अपनी मूल अंक सूची, जन्म प्रमाण पत्र एवं अध्ययनरत खिलाड़ी के मूल व प्रमाणित अंकसूची ही मान्य होगी। इन खेल प्रतियोगिता में इच्छुक प्रतिभागी अपना पंजीयन संबंधित विकासखण्ड मुख्यालय पर 20 नवम्बर 2022 तक संबंधित विकासखण्ड प्रभारी को एवं जिला खेल परिसर रायसेन कार्यालय में कार्यालयीन समय में पंजीयन कराकर सहभागिता कर सकते हैं।
विकासखण्ड स्तर पर विजेता खिलाड़ी एवं चयनित दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ी एंव चयनित दल संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को नगद पुरुस्कार दिया जाएगा। दलीय पुस्कार राशि में प्रथम पुरस्कार एक लाख रू. द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रू तथा तृतीय पुरस्कार 50 हजार रू और व्यक्तिगत पुरस्कार राशि में प्रथम 10 हजार, द्वितीय 07 हजार तथा तृतीय 05 हजार रूपये राशि वितरित की जाएगी।
जलज चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा तथा इसके लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिले में शासकीय कन्या विद्यालय बरेली में 22 नवम्बर को आयोजित विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता हेतु शशि रघुवंशी को प्रभारी बनाया गया है। शासकीय सीएम राइस स्कूल सिलवानी में 23 नवम्बर को आयोजित विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता हेतु कमलेश जाटव को, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बेगमगंज में 24 नवम्बर को आयोजित विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता हेतु सुभाष रैकवार को तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय गैरतगंज में 25 नवम्बर को आयोजित विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता हेतु प्रतिभा सिंह को प्रभारी बनाया गया है।
इसी प्रकार उदयपुरा विकास खण्ड के तहत तालकटोरा स्टेडियम में 27 नवम्बर को आयोजित प्रतियोगिता हेतु अंकित कुषवाह को, औबेदुल्लागंज विकासखण्ड के तहत अनंतश्री विद्यालय मण्डीदीप में 29 नवम्बर को आयोजित प्रतियोगिता हेतु प्रहलाद राठौर को तथा सांची विकासखण्ड के तहत रामलीला मैदान में 30 नवम्बर को आयोजित प्रतियोगिता हेतु भानुप्रताप सिंह यादव को प्रभारी बनाया गया है।



