मध्य प्रदेश

लोक स्वास्थ्य मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री ने अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास में भोजनशाला का किया भूमिपूजन

कम्प्यूटर लैब का भी किया लोकार्पण
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । प्रदेश के लोक स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा रायसेन के गोपालपुर में रानी दुर्गावती अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास में भोजन शाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं कम्प्यूटर लैब का भी लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार द्वारा बालिकाओं की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। बालिकाओं की स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा के लिए भी सरकार द्वारा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा भोजन शाला निर्माण के लिए विधायक निधि से 15 लाख रू की राशि दी गई है।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार द्वारा पुरानी शिक्षा नीति में बदलाव करते हुए नवीन शिक्षा नीति लागू की गई है। बच्चों को तकनीकी शिक्षा, व्यवसायिक शिक्षा भी जरूरी है। उन्होंने उपस्थित बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी पढ़ेगी तो परिवार पढ़ेगा और विकास करेगा। सभी अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसकी प्राप्ति के लिए पूरी लग्ननिष्ठा और मेहनत से प्रयास करें। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमना सेन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button