मध्य प्रदेश

व्यक्ति के जीवन में सत्संग से बढ़कर कुछ नहीं : ब्रह्मचारी जी महाराज

पूर्व विधायक देवेंद्र पटेल ने कथा श्रवण की
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी

सिलवानी। सिलवानी अंचल के ग्राम मुआर में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन टेकरी धाम माता मंदिर पर किया जा रहा है । इसमें व्यासपीठ पर विराजमान ब्रह्मचारी जी महाराज ने कहा कि व्यक्ति को अपने जीवन में सत्संग अवश्य ही करना चाहिए ।सत्संग के बिना व्यक्ति के जीवन में सर्वथा अभाव ही रहता है। उसके लिए विवेक का जागरण सत्संग के माध्यम से ही होता है, और सत्संग भगवान की कृपा से ही हमें प्राप्त होता है । इसलिए सत्संग की महिमा सभी ने बहुत महत्व के साथ बताई है। उन्होंने कहा कि रामचरित मानस में भी सत्संग की महिमा का वर्णन किया गया है । व्यक्ति को चाहिए कि वह प्रभु के चरणों की निकटता प्राप्त कर ले जिससे कि उसके जीवन में आ रही विभिन्न समस्याओं का सहजता में निदान हो सके । ब्रह्मचारी जी महाराज ने कर्म सिद्धांत का प्रतिपादन स्पष्ट करते हुए कहा कि, हम लोगों से बहुत भूलें होती हैं, जिन का प्रायश्चित हमें जीवन काल में कर लेना चाहिए। अन्यथा हमारे लिए विभिन्न फलों का भोग भोगना पड़ता है जैसे अनेक जीव विभिन्न योनियों में अपना जीवन यापन कर रहे हैं वह भी कर्मफल को ही भोग रहे हैं। इसलिए बड़े जतन से प्रयास करना चाहिए, कि आत्म चेतना का जागरण जीवन काल में हो जाए। आत्मजागरण के लिए वृद्धावस्था का इंतजार करना बुद्धिमानी नहीं है। जब तक शरीर में उर्जा है, इसको सकारात्मक दिशा में लगाना ही सच्ची जीवन के प्रति लगन है। उन्होंने आगे कहा कि व्यक्ति दुर्लभ देह को प्राप्त करके, अपना जीवन नष्ट कर देते हैं। यह उपयुक्त कदापि नहीं है। आगे ब्रह्मचारी जी महाराज ने श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि, भगवान श्री कृष्ण के माध्यम से संपूर्ण प्रकृति भी उनके साथ शामिल होकर उनकी लीला का आनंद ले रही है । माता जशोदाजी भगवान श्री कृष्ण को जब दुग्धपान कराती हैं, तो उस दुग्ध को ग्रहण करने के लिए समस्त देवता तक लालायित रहते हैं। अनेक दिव्य लीलाओं के माध्यम से समस्त बृजवासियों को भगवान श्री कृष्ण आनंद दे रहे हैं। भगवान श्री कृष्ण की लीलाएं , व्यक्ति के जीवन के लिए शिक्षाप्रद हैं कि हम भगवान श्री कृष्ण कि जो लीलाएं हैं, उनसे शिक्षा लेकर, सात्विक जीवन जी कर, अपना सर्वोच्च लक्ष्य मोक्ष प्राप्त करें।
पूर्व विधायक एव कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने कथा श्रवण की, व्यास पीठ की आरती कर, कथावाचक श्री ब्रह्मचारी महाराज जी को शाल श्रीफल भेट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संदीप शर्मा, वीर रघुवंशी, धीरज पटेल, गजेंद्र सिंह, बिट्टू राय आदि ने ब्रह्मचारी जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण की।

Related Articles

Back to top button