बड़ी बहन के प्रेमी ने ही युवती को उतारा था मौत के घाट, पेट्रोल डाल जलाने के बाद नहर में फेंका
रिपोर्टर: शिवकुमार साहू
कुरुक्षेत्र । हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आती है । यहां एक सिरफिरे युवक ने अपनी प्रेमिका की छोटी बहन को मौत के घाट उतारा था। कहासुनी के बाद कार में गला घोंटकर पहले उसकी हत्या की गई थी। फिर शव को खाई में फेंककर पेट्रोल डालकर जलाया। इसके बाद आरोपी ने शव को उठाकर नहर में फेंक दिया।
पिता ने एक सप्ताह पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी
मामले में पिता की ओर से एक सप्ताह पहले दी गई शिकायत पर जब पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर शक के आधार पर आरोपी से पूछताछ की तो सनसनीखेज खुलासा हुआ। अब पिहोवा निवासी आरोपी अनिल कालड़ा को कोर्ट में पेश करने के बाद पांच दिन की रिमांड पर लेकर पुलिस गहनता से जांच पड़ताल में जुटी है।
डीएसपी रजत गुलिया ने वीरवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि पिता की ओर से मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया था कि आपसी विवाद के कारण उसकी पत्नी उससे अलग पिहोवा में रहती है। 17 जुलाई को वह दोनों बेटियों को लेकर पिहोवा गया था। इसके बाद वह दवा लेने अस्पताल चला गया, जबकि बेटियों ने मां के पास ही रहने की बात कही। इसके बाद 19 जुलाई को बड़ी बेटी उसके पास घर आ गई जबकि छोटी का पता नहीं लगा। पूछने पर बड़ी बेटी ने बताया कि वह मां के पास ही है, जब छोटी बेटी का कहीं पता नहीं लगा तो थक हारकर पिता ने पुलिस को शिकायत दी। साथ ही बड़ी बेटी के प्रेमी पर शक जताया। पुलिस ने जब गुमशुदगी दर्ज कर जांच की तो शक और गहराता गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ में उसने युवती की हत्या का खुलासा किया।
बड़ी बहन के गर्भवती होने के बाद दोनों बहनों को घुमाने के बहाने अस्पताल ले गया था आरोपी
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पीड़ित परिवार पहले आरोपी के मकान में किराये पर रहता था, जहां पर उसके बड़ी बेटी के साथ आरोपी के अवैध संबंध बन गए थे, जिस कारण वह गर्भवती हो गई थी। आरोपी पुर्तगाल में रहता है और 15 जुलाई को वापस पिहोवा आ गया था। 17 जुलाई को वह दोनों बहनों को अमृतसर घुमाने के बहाने लेकर गया। इस दौरान वह कुरुक्षेत्र निजी अस्पताल में बड़ी बेटी का गर्भ चेक करवाने ले गया। उसके बाद वापस पिहोवा आकर बड़ी बेटी को गांव में उतार दिया तथा छोटी बहन को पिहोवा छोड़ने की बात कहकर साथ ले आया।
बड़ी बहन के गर्भधारण को लेकर छोटी बहन ने आरोपी के साथ किया झगड़ा
रास्ते में जब छोटी बेटी ने बड़ी बहन के गर्भधारण को लेकर उसके साथ झगड़ा किया तो आरोपी ने कार में ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को यमुनानगर-सहारनपुर रोड पर बनी गहरी पुलिया के पास खाई मे फेंक दिया। फिर चेहरे पर पेट्रोल छिड़क कर माचिस से आग लगा दी। करीब दो घंटे के बाद भी जब चेहरा नहीं जला तो लाश को फिर गाड़ी में डालकर सहारनपुर से यमुनानगर की तरफ नहर में फेंक दिया।



