आंगनबाड़ियों में नहीं मूलभूत सुविधाएं का मुद्दा विधायक ने विधानसभा में उठाया

किराए के भवनों में चल रहे हैं जिले में लगभग आधे आंगनबाड़ी केंद्र
सिलवानी । आंगनबाड़ी भवनों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इसके चलते यहां आने वाले नौनिहाल के साथ-साथ कार्यरत कार्यकर्ताओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस मुददे को लेकर सिलवानी विधायक देवेन्द्र पटेल ने विधानसभा में प्रश्नकाल में मुद्दा उठाते हुए प्रश्न पूछा था। इसके जवाब में मंत्री इंदरसिंह परमार ने बताया कि 1141 आंगनबाड़ी संचालित है जिनमें 419 केंद्रों में बिजली कनेक्शन भी है और अन्य मूलभूत सुविधाएं दी जा रही हैं। विधायक देवेंद्र पटेल ने बताया कि जिले में लगभग आधे आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवनों में चल रहे हैं। शासकीय भवनों में चलने वाले आंगनवाड़ी केंद्रों में न तो शुद्ध पानी की व्यवस्था है और न ही विद्युत व्यवस्था है। ऐसे में वहा आने वाले छोटे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
विभागीय मंत्री सभी शासकीय भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में शुद्ध पेयजल व्यवस्था होने का दावा कर रहे हैं जबकि वास्तविकता में कई ऐसे गांव है जिनमें ग्रामीणों को ही सामान्य तौर पर पेयजल की व्यवस्था परिवहन करके करनी पड़ती है। पटेल ने कहा कि विभाग के उत्तर के अनुसार शासकीय भवनों में संचालित 1141 आंगनबाड़ी केंद्रों में सिर्फ 419 आंगनबाड़ी केंद्रों में ही विद्युत कनेक्शन है, जो चिंताजनक है। पटेल के प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा की कलेक्टर को निर्देश देकर पेयजल की जटिल समस्या वाले आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराईं जाएगी।



