क्राइम

महिला और दो बेटियों की मौत, बेटा नहीं होने के तानों से परेशान होकर महिला ने उठाया कदम

3 बेटियों को फन्दे पर लटकाने के बाद मां ने लगाई फांसी, मां और दो बेटियों की मौत, एक बेटी अस्पताल में भर्ती
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
भोपाल । तीन बेटियों को जन्म देने व परिवार के लिए एक भी बेटा न देने के तानों से परेशान महिला ने अपनी तीन बेटियों को फांसी पर लटकाने के बाद खुद भी फांसी लगा ली। दिल दहला देने वाली यह घटना सोमवार- मंगलवार की दरमियानी रात भोपाल से सटे गुनगा इलाके में हुई। इस दौरान महिला और दो बेटियों की तो मौत हो गई, लेकिन एक बेटी की जान बच गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। संगीता के मायके वालों ने उसके पति पर लड़का न होने पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। बेटा और बेटी के फर्क ने एक बार फिर पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया। इसको लेकर लोगों की संकीर्ण सोच ने महिला को अपनी बेटियों को मार देने व खुद भी मर जाने के लिए विवश कर दिया। गुनगा पुलिस ने बताया कि संगीता यादव उम्र 27 वर्ष रोडिया गांव में अपनी ससुराल में रहती थी। उसका मायका रायसेन जिले के संग्रामपुर में हैं। करीब 6 साल पहले वर्ष 2018 में उसकी शादी रोडिया निवासी रजत यादव से हुई थी। उसकी तीन बेटियां आराध्या 5 वर्ष, मनु ढाई वर्ष तथा सृष्टि डेढ़ साल थीं। रजत और संगीता को कोई बेटा नहीं था। शुरुआती जांच में महिला द्वारा सुसाइड और इससे पहले 3 बच्चियों की हत्या किए जाने के संकेत घटना स्थल से मिले हैं। इस दर्दनाक घटना में संगीता, उसकी बेटी आराध्या और सृष्टि की मौत हो गई, जबकि ढाई साल की मनु की जान बच गई। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। महिला ने आत्महत्या से पहले उसने ननद मोना को पांच मैसेज भेजे थे।
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
संगीता के भाई नीरज यादव ने बहन के सुसराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नीरज ने बताया कि रात को संगीता ने एक के बाद एक पांच मैसेज मोबाइल पर भेजे। मैंने मैसेज सुबह देखे। एक मैसेज में वो कह रही है कि वह बहुत खराब हैं। मैं सोचती थी कि आज नहीं तो कल सब ठीक हो जाएगा। लेकिन, अब मैं जहर खा रही हूं। कोई नहीं बचेगा, सब मरेंगे।
फंदे से शव उतारने पर नहीं दी पुलिस को सूचना
मृतक के भाई का आरोप यह भी है कि उसकी बहन संगीता और उसकी तीन बेटियों को फन्दे से उतारने के बाद ससुराल के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शंका होने पर उसने अपने रिश्ते के भाई को संगीता के ससुराल भेजा था। उसने घटना के बारे में उसे बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
संबंधों में बढ़ गया था तनाव
तीसरी बेटी के जन्म के बाद से ही संगीता और उसके ससुराल वालों के बीच तनाव बढ़ गया था। पति रजत उसे खुद मर जाने की धमकी देने लगा था। जानकारी के अनुसार, 4 मार्च को छोटी बहन की शादी के लिए संगीता अपने मायके आई थी। रजत भी वहां पर पहुंचा था तथा उसने हंगामा किया और रात में ही संगीता को लेकर चला गया।

Related Articles

Back to top button