क्राइम

बंदूक साफ करते समय दबा ट्रिगर, महिला को लगी गोली

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
सागर । मध्यप्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक शादी समारोह में गोली चलने से एक महिला घायल हो गई जिसे तत्काल ही इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। रहली थाना पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार गोली लगने से 45 वर्षीय बलेह गांव निवासी मंजू चौरसिया नामक महिला घायल हुई है। महिला शादी समारोह में खाना बनाने गई थी। घायल महिला ने बताया कि बेरखेड़ी कला गांव में तिवारी परिवार में शादी समारोह में वह अन्य महिलाओं के साथ खाना बनाने गई थी। खाना बनाने के बाद सभी के साथ बैठकर खाना खा रही थी, वहीं पर दयाशंकर तिवारी अपनी बंदूक की नाल साफ कर रहे थे तभी धोखे से बंदूक का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई जो उसके पैर में जाकर लगी। गोली चलते ही शादी वाले घर में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद तत्काल महिला को निजी वाहन से इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। अच्छी बात है कि गोली महिला के शरीर के किसी और हिस्से में नहीं लगी वरना बड़ी घटना भी हो सकती थी। महिला का इलाज जिला अस्पताल में डाक्टरों के द्वारा किया जा रहा है।
दमोह निवासी रिटायर्ड एएसआई कृपाशंकर तिवारी ने बताया उनके चाचा का फोन आया कि शादी समारोह वाले घर में गोली चलने से एक महिला घायल हो गई है। तब उन्होंने कहा वह महिला को किसी वाहन से लेकर दमोह आ जाएं वह रास्ते में मिल जायेंगे। रास्ते में उन्होंने महिला को अपनी गाड़ी में बैठाया और जिला अस्पताल लेकर आए।

Related Articles

Back to top button