दर्दनाक : मथुरा और वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे, एक्सप्रेस-वे पर हादसा

चलती बस में लगी आग, 10 श्रद्धालु जिंदा जले
मानेसर । हरियाणा में कुंडली- मानेसर- पलवल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात डेढ़ बजे चलती बस में आग लगने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 28 गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा नूंह के तावड़ इलाके में हुआ। हादसे के शिकार लोग पंजाब के रहने वाले थे और मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि ये लोग बीते शुक्रवार को टूरिस्ट बस से बनारस और मथुरा-वृंदावन के दर्शन के लिए निकले थे।
बस में करीब 60 लोग सवार थे। ये सभी लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे और रिश्तेदार थे। ये लोग शुक्रवार रात दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान रात को बस में आग लग गई। हाइवे के आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। बस की खिड़कियां तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले घटनास्थल पर आठ लोगों की मौत हो गई थी वहीं दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि बस में लगे एसी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



