क्राइम

मंदबुद्धि लड़की से किया दुष्कर्म, एफआईआर के एक माह बाद भी गिरफ्तार नहीं हुआ आरोपी

शिकायत लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे परिजन
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ ।  जिले के पलेरा थाना क्षेत्र में मंदबुद्धि लड़की के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। शनिवार को पीड़ित लड़की अपने माता-पिता के साथ एसपी दफ्तर पहुंची। लड़की के पिता ने बताया कि करीब एक माह बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। थाना प्रभारी गर्भपात कराने की बात कर रही है।
पीड़ित लड़की के पिता ने बताया कि 4 महीने पहले मजदूरी के लिए वह दिल्ली गया था। घर पर उसके तीन बच्चे और पत्नी थी। 20 अप्रैल को घर लौटा तो बेटी ने पेट में दर्द होने की बात बताई। जब उसे डॉक्टर के पास ले गए तो डॉक्टर ने बच्ची को 3 माह का गर्भवती बताया।
इसके बाद पलेरा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 29 अप्रैल को आरोपी भग्गू अहिरवार के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। वह खुलेआम गांव में घूम रहा है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है।
*थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप*
पीड़ित लड़की के पिता ने बताया कि पलेरा थाना प्रभारी मेरे और बच्चे के ऊपर गर्भपात कराने का दबाव डाल रही है। 28 मई को उन्होंने घर पर पुलिस भेज कर थाने बुलवाया और लड़की का गर्भपात कराने की बात कही। लड़की के पिता ने पलेरा थाना प्रभारी पर समझौता के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इसी मामले को लेकर आज उन्होंने एसपी दफ्तर में शिकायत दर्ज कराई।
*मेडिकल बोर्ड से होना है परीक्षण*
इस मामले में एसपी रोहित काशवानी का कहना है कि आरोपी का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण होना है। मामला गंभीर है, इसलिए सभी पक्षों की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी को निर्देश जारी किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button