रायसेन जिले का साप्ताहिक रोज़नामचा

हरीश मिश्र, लेखक ( स्वतंत्र पत्रकार ), स्वरदूत क्रमांक -९५८४८१५७८१
रोजनामचा एक ऐसी लेखा बही है । जिसमें मृगांचल एक्सप्रेस दिन-प्रतिदिन के सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक घटनाक्रम को क्रमवार अभिलेखन किया है। आज से प्रत्येक सोमवार पढ़ें । अपनी प्रतिक्रिया एवं सुझाव दें।
पिछले सप्ताह आकाश में बादल छाए और गरजने लगे। मोरों के झुंड नाचने लगे और मेंढक टर्र-टर्र करने लगे। सूखे जलाशयों में जल ठहरने लगा और किसानों की प्रार्थनाएं असर दिखाने लगीं। तपन से राहत मिली।
वन विभाग प्रमुख विजय कुमार के नेतृत्व में ऑपरेशन विजय सफल रहा। जंगल विभाग की परेशानी बढ़ाने वाले रॉयल टाइगर को वृक्ष-झाड़ियां और शैल-शिखरों में छुपते देखा । वन कर्मियों और बाघ का आमना-सामना जंगल में हुआ और बाघ को भारी अट्टहास करते देखा । जंगल कर्मियों को बेहाल और प्राणों की बाज़ी लगाते देखा । हाथी पर बैठे डॉ प्रशांत देशमुख ने सूरई में गन से बाघ के मुख पर सूई ( बेहोशी का इंजेक्शन ) मारते देखा । जनता ने राहत की सांस ली और जंगल विभाग की टीम को जश्न मनाते देखा। जन सामान्य और पत्रकारों की नुक्ताचीनी के बावजूद वन प्रमुख को धैर्य के साथ लक्ष्य हासिल करते देखा ।
बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो को पहली बार हिन्दू-मुस्लिम से परे औंचक निरीक्षण करते देखा । बच्चों के कल्याण के लिए पारले जी और सोम डिस्टलरी में बचाव अभियान चलाते देखा । आबकारी विभाग के अधिकारियों से कानूनगो को जूझते देखा । मुख्यमंत्री मोहन यादव को कुपित होते और अधिकारियों-कर्मचारियों को जगदीश वंदना करते देखा। ईमान को कलदार में और बेवड़ों को सोमरस में बिकते देखा । कुल मिलाकर बिल्ली को चूहे की रखवाली करते देखा ।
पिछला सप्ताह सांसद शिवराज सिंह चौहान के लिए मंगल दायक रहा। कृषि मंत्रालय मिलने की सुहावनी खबर सुनते ही भाजपा के मूल एवं कांग्रेस से काया बदलकर आए कार्यकर्ताओं
को हर्षित होकर ढोल-नगाड़े पर नृत्य करते, मंगल गीत गाते और कुछ के मंगल अंग को फड़कते देखा ।
नगर पालिका द्वारा लगाई गई एलईडी पर शिवराज को चरण सेवक के कंधे पर हज़ारों बार हाथ रखते देखा जिसके कारण भाजपा के कद्दावर नेताओं को दुखी होते देखा ।
शिवराज के मुख्यमंत्री पद से हटते ही बैनर और सोशल मीडिया से फोटो हटाने वाले नेताओं को शिवराज के साथ सेल्फी वाली फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते देखा ” अपने मामा…” ।
सरकार तस्वीर से चलती है और तस्वीरें सच बोलती हैं। मोहन सरकार द्वारा चलाए गए जल गंगा संवर्धन अभियान की तस्वीरें बहुत कुछ सच बोलती हैं। कई गहरे राज खोलती हैं। मंत्री, नेताओं और अधिकारियों का तस्वीरों में दिखने का भाव देखा। सरकार के झूठे आंकड़े, सच के अंदाज में तस्वीरों में देखे । सच यह है कोई भी बंदा अभिनय में दिल से नहीं जुड़ा, जो भी जुड़ा तस्वीरों में दिखने और बजट ठिकाने लगाते दिखा।
रोज़नामचा की अंतिम खबर यह है कि जिला पंचायत के रंग मंच पर वृंदावन की लीला का शानदार मंचन चल रहा है। इस लीला को सरपंच, सचिव, सहायक सचिव कई बार देख चुके। सूत्रों की खबर है लोकायुक्त के रंग से फिर एक बार जिला पंचायत में फाग खेला जाएगा। श्रीमान ! आप बस किरदार हैं अपनी हदें पहचानिए। वरना फिर एक दिन कहानी से निकाले जाओगे।

आपरेशन विजय की सफलता पर जंगल कर्मियों का जश्न

आबकारी विभाग के अधिकारी से जूझते कानूनगो

बचपन के गले हुए हाथ…सरकार के गाल पर तमाचा !

साफ जगह पर टाइल्स डालकर टाइल्स उठाकर चला…जल गंगा संवर्धन अभियान

चरण सेवक के कंधे पर शिवराज का हाथ, ईर्ष्या का कारण बना !



