नवनिर्मित नाली टूटने से वाहन फंसा, घटिया निर्माण की खुली पोल

सड़क चौड़ीकरण के कार्य मे बरती जा रही लापरवाही, अधिकारी मौन
रिपोर्टर : राकेश गौर
गैरतगंज। नगर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण के कार्य मे सड़क किनारे बनाई गई नाली बुधवार को अचानक टूट गई। जिसके चलते एक मालवाहक वाहन नाली में बुरी तरह फंस गया। करोड़ो के कार्य मे प्रशासनिक मॉनिटरिंग के अभाव में जमकर घटिया एवं ग़ैरतकनीक से निर्माण कार्य हो रहा है। वही प्रशासन मौन साधे हुए है।
एमपीआरडीसी के तहत नगरीय क्षेत्र में 5 किलोमीटर लंबे मुख्य सड़क मार्ग चौड़ीकरण का कार्य घटिया निर्माण की भेंट चढ़ गया है। बुधवार को घटिया निर्माण की तस्वीर तब सामने आई जब इस निर्माण के तहत सड़क किनारे बनाई गई पक्की नाली भरभराकर टूट गई। तथा एक मालवाहक वाहन उसमें जाकर फंस गया। मामला रात दिन पेट्रोल पंप के सामने माता मंदिर पहुंच मार्ग जाने वाली नाली का है। नाली के टूटने ओर वाहन के फंसने के बाद नगरवासियों का हुज़ूम मौके पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह घटना मामूली नही है वह तो गनीमत थी कि वाहन पलटा नही तथा वाहन नाली में फंस कर रुक गया। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद टूटी हुई स्थान पर साफ देखा जा सकता है कि कमजोर लोहे का किस कदर उपयोग किया गया है यही नही लगाई गई सीमेंट भी धूल की तरह निकल रही है। गौरतलब है कि करोड़ो की लागत से चल रहे इस सड़क चौड़ीकरण के कार्य मे जिम्मेदार एमपीआरडीसी के अधिकारियों की उदासीनता शुरू से ही देखी जा रही है। यही नही ठेकेदार द्वारा बगैर तराई के निर्माण किये जाने, घटिया सामग्री के उपयोग करने, स्टीमेट के विपरीत मटेरियल लगाने, ग़ैरतकनीक से कार्य करने के शिकायत प्रारंभिक दौर से ही नगरवासियों ने की परन्तु कोई कार्रवाई नही हुई। नतीज़तन करोड़ो के निर्माण में ठेकेदार ने पलीता लगा दिया।
विभाग की अनदेखी है जिम्मेदार
करोड़ो की लागत से चल रहे इस कार्य मे जिम्मेदार एमपीआरडीसी विभाग की अनदेखी घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार है। विभाग के अधिकारियों ने नगरवासियों की दर्जनों शिकायतों के बाद भी सड़क की मॉनिटरिंग करने की नही सोची। न तो तकनीकी अमला निर्माण के समय मौके पर पहुंचा है और न ही अधिकारियों का दल ने कोई निरीक्षण किया। नतीज़तन ठेकेदार ने निर्माण में जमकर पलीता लगाया। उधर मीडिया द्वारा भी कई बार इस मुद्दे को जिलाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया बावजूद अधिकारियों ने कोई जरूरी कदम नही उठाया।
इस संबंध में एमपीआरडीसी की महाप्रबंधक सोनल सिन्हा का कहना है कि मामला गंभीर है जांच टीम गठित की जा रही है। यदि निर्माण में कोताही बरती गई है तो कार्रवाई की जावेगी।



