तालाबनुमा गड्ढे में डूबने से तीन मासूमो की मौत

बेलना गढ़ी गांव की घटना
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज । एमपी के रायसेन ज़िले के ग़ैरतगंज तहसील के लगभग 15 किलोमीटर दूर बेलना गढ़ी गांव में बने एक कृषक के खेत में बने तालाब में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। ये बच्चे गांव में ही खेलते हुए उक्त तालाब में बारिश से भरे पानी में नहाने चले गए थे। घटना से गांव में मातम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील मुख्यालय से 22 किमी की दूरी पर स्थित बेलना गढ़ी गांव में रविवार को दोपहर 1 बजे के लगभग कृषक राजेश आदिवासी के खेत में बने तालाब में खेलते हुए नहाने गए एक ही परिवार के तीन बच्चे पानी में डूब गए जिससे उनकी मौत हो गई। पता चला है कि साहिल आदिवासी पिता बलवीरसिंह आदिवासी 8 वर्ष, सुमित आदिवासी पिता रुपसिंह आदिवासी 7 वर्ष एवं उमा पिता रुपसिंह आदिवासी 10 वर्ष निवासी बेलना गढ़ी ये तीनों बच्चे रविवार की दोपहर गांव के पास में ही स्थित खेत के पास खेल रहे थे। इसी दौरान तीनों बच्चे खेत में बने तालाब में नहाने चले गए। नहाते समय उनकी पानी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही गांव के लोग एवं परिजन मौके पर पहुंच गए तथा पुलिस को घटना की सूचना दी। बाद में बच्चों को बाहर निकाला गया। घटना स्थल पर एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव एवं गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी रामचरण परते ने अमले के साथ पहुंचकर शवों को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए गैरतगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया।
एक ही परिवार के हैं तीनों मृतक बच्चे, गांव में मातम
बेलना गढ़ी गांव में रविवार को डूबने से काल के गाल में समाए तीनों बच्चे एक ही परिवार के हैं। मृतक साहिल गांव के ही स्कूल में कक्षा 2 में, सुमित कक्षा 3 एवं उमा कक्षा 5 में पढ़ते थे। मृतकों के पिता बलवीर और रूपसिंह पारिवारिक रिश्ते में भाई भाई हैं। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। विशेष तौर पर परिजन मासूमों की मौत पर खासे दुखी हैं तथा उनका रो रोकर बुरा हाल है। मौके पर मौजूद गांव चौकीदार हाकमसिंह अहिरवार ने बताया कि बच्चे सामान्य रूप से खेलते हुए खेत में चले गए जिससे वे पानी में डूब गए तथा उनकी मौत हो गई।
इस संबंध मे गढी चौकी प्रभारी रामचरण परते का कहना है कि बच्चे अक्सर तालाव मे नहाने जाया करते थे वारिस के दौरान पानी बढने से हादसे का शिकार हो गये मामले की जांच की जा रही है।
इस संबंध में बेगमगंज एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक मासूम बच्चों को सिविल हॉस्पिटल लाया गया था, पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया है। मेरे द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है, शासन के नियम अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



