सीजे जिलेटिन कंपनी में मजदूर की मौत : मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने कंपनी गेट पर 5 घंटे किया हंगामा
कंपनी के आला अफसरों ने दी समझाइश
रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन
रायसेन। रायसेन के मण्डीदीप में औद्योगिक क्षेत्र स्थित सीजे जिलेटिन कंपनी में हुई एक दुर्घटना में वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों ने कंपनी गेट पर मृतक का शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। पांच घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद जैसे-तैसे मामला सुलझा। इधर मंडीदीप थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सीजे जिलेटिन कंपनी पाली में कुछ मजदूर ओसिन प्लांट में काम कर रहे थे। इन्हीं में से एक मजदूर हुसैन पुत्र अब्बू खान (35) प्लेटफार्म के ऊपर पाउडर को बेलचा से ढंक रहा था, तभी अचानक लोहे का प्लेटफार्म का कुछ हिस्सा नीचे गिर जाने से काम कर रहा हुसैन खान भी प्लेटफॉर्म के साथ नीचे गिर कर उसमें दब गया। 5 टन वजनी पाउडर गिरने से उसका दम घुट गया। जिससे उसकी मौके पर अत्यधिक खून बह जाने के बाद मौत हो गई। घटना होने के बाद कंपनी प्रबंधन मजदूर हुसैन को निजी अस्पताल लेकर गया। डॉक्टरों ने हुसैन को मृत घोषित कर दिया। दरअसल मूल रूप से सागर जिले के विधवनी गांव का रहने वाला मृतक हुसैन खान इस कंपनी में 3 साल से ठेके में मजदूरी कर रहा था में
सीजे जिलेटिन कंपनी मंडीदीप में।
हैरत की बात तो यह है कि 3 साल से काम करने के बाद भी मृतक का न ईएसआइसी में पंजीयन कराया और न ही उसका पीएफ काटा गया। इतना ही नहीं ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन ने इस मामले को दबाने के बहुत प्रयास किए, परन्तु दूसरे दिन मृतक के परिजन शव लेकर कंपनी के गेट पर पहुंच गए और विरोध करने लगे। मामले की जानकारी लगते ही मजदूर नेता एकत्रित हो गए। मजदूर के परिजन 15 लाख मुआवजे की मांग कर रहे थे। बाद में कंपनी प्रबंधन ने 6 लाख का चेक दिया, इसके बाद मामला शांत हुआ।
वहीं मंडीदीप थाना टीआई कुंवर सिंह मुकाती ने बताया कि सीजे जिलेटिन कंपनी में गिरने से हुसैन खान नाम के मजदूर की मौत होने की सूचना मिली थी, जिस पर प्रकरण दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है।



