लिव इन रिलेशन में रहने वाली प्रेमिका ने प्रेमी की दुपट्टे से गला दबाकर की हत्या
सिलवानी पुलिस ने 6 घंटे के अंदर किया हत्या का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार
शराब के नशे में प्रेमिका की कर दी थी मारपीट, इस बात से नाराज प्रेमिका ने दिया घटना को अंजाम
पहले पति को छोड़कर प्रेमी के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी प्रेमिका
सिलवानी । तहसील मुख्यालय से 8 किमी दूर ग्राम ककरुआ में जावेद अहमद के फार्म हाउस पर काम करने वाले एक युवक की उसकी प्रेमिका ने ही दुपट्टे से गला दबाकर कर हत्या कर दी है। हत्या करने का कारण प्रेमी द्वारा शराब के नशे में प्रेमिका के साथ मारपीट करना बताया जा रहा है। शराब पीकर मारपीट करने के कारण ही प्रेमिका अपने पहले पति को छोड़ चुकी और वह अपने प्रेमी के साथ यहां पर आकर लिव इन रिलेशन में रहने लगी थी। घटना की रात्रि में महिला ने पड़ोसियों को सांप के काटने की बात बताई थी, लेकिन मामला संदिग्ध लगने के कारण पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम भोपाल में कराया था, जिसमें युवक की गला दबाकर हत्या करने की बात डाक्टरो द्वारा बताई गई।
सिलवानी एसडीओपी अनिल मौर्य ने बताया कि ईश्वर देशमुख पुत्र मेहतरू देशमुख उम्र 30 साल निवासी वार्ड 3 थनोद, अंजोरा थाना कोतवाली जिला दुर्ग छत्तीसगढ़ तीन चार महीने से सिलवानी तहसील के ककरुआ गांव में अपनी प्रेमिका आरती शर्मा उर्फ पूनम शर्मा पत्नी कमलेश शर्मा उम्र 40 साल के साथ निवास कर रहा था। आरती अपने पहले पति को छोड़ आई है और अपने बच्चों के साथ वह ईश्वर देशमुख के साथ यहां पर रहने लगी थी। घटना वाली रात में ईश्वर देखमुख का अपनी प्रेमिका से झगड़ा हो गया। इस झगड़े के बाद आरती शर्मा उर्फ पूनम ने ईश्वर देशमुख का दुपटटे से गला दबा दिया और वहीं पर सो गई। रात ढाई तीन बजे जब उठी तो उसने अपने प्रेमी को देखा तो वह मर चुका था। इसके बाद उसने पड़ोसियों को बुलाकर सांप के काटने की बात बताई। इस कारण उसे सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लाया गया। यहां पर पहुंची पुलिस को मृतक के गले पर निशान दिखाई देने पर शक हो गया।
सिलवानी पुलिस ने महज 6 घंटे के अंदर मामले को सुलझा कर आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, न्यायालय ने आरोपी महिला को जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी अनिल मौर्य के निर्देशन में थाना प्रभारी डीपी सिंह, एएसआई धनराज मीणा, महेश कुमार, हुकुमसिंह, आरक्षक शोहरत महिला आरक्षक पूनम एवं प्रियंका एवं महिला अधिकारी कविता यादव की अहम भूमिका रही।



