ट्रकों के इंजन और चेचिस नंबर में कूटरचना कर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी
कूटरचित दस्तावेजों से ट्रक विक्रय करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश
रायसेन । आवेदक रमेश प्रजापति निवासी दमोह द्वारा थाना कोतवाली रायसेन में एक आवेदन पत्र दिया गया था, जिसमें उसके स्वामित्व का आयशर ट्रक कमांक MP04 YD 3671, हनीफ खान, निवासी श्यामपुर जिला सीहोर द्वारा विवाद कर ले जाने संबंधी बताया गया था। थाना कोतवाली रायसेन पुलिस द्वारा जाँच मे हनीफ द्वारा बताया गया कि, ट्रक क्र MP04 YD 3671 उसका है एवं नंबर बदलकर चलाया जा रहा है। ट्रक रजिस्ट्रेशन नंबर MH40 CM 5741 को मो. ताहिर पिता मो. युसुफ उर्फ इमरान को विक्रय अनुबंध से दिया गया था, जिसने फायनेंस की किस्त नहीं जमा की और ट्रक को खुर्दबुर्द कर दिया है। परस्पर विरोधी दावे की जॉच मे आयशर डीलर अधिकृत टेक्निकल टीम द्वारा बताया गया कि विवादित ट्रक का इंजन नंबर E426CDPC427529, ट्रक क्रमांक MH40 CM 5741 हनीफ खान के स्वामित्व का है तथा मूल चेचिस नंबर घिसा हुआ है व दूसरा नंबर बाद में टंकित किया जाना प्रतीत होता है एवं बाहर लगी इंजन प्लेट को भी उखाड़ा गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक मिथलेश कुमार शुक्ला एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रशांत खरे के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक जिला रायसेन पंकज कुमार पाण्डे व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे द्वारा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रायसेन प्रतिभा शर्मा को तत्परता से कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। प्रकरण में त्वरित गति से विवेचना हेतु एवं आरोपीगणों और वाहनों में कूटरचना कर विक्रय करने के संबंध में जप्ती एवं गिरफ्तारी की कार्यवाही की जाने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रायसेन के नेतृत्व में 3 पृथक जाँच दल का गठन किया गया है। जाँच उपरांत थाना कोतवाली रायसेन में दिनाक 9 दिसम्बर 2024 को अपराध कमांक 618/24 धारा 341 (1), 336 (3) 318 (2) बीएनएस का दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता रमेश प्रजापति को ट्रक बेचने वाले फैज खान से पूछताछ की गयी व संलिप्तता पायी जाने पर गिरफ्तारी किया जाकर ट्रक को जप्त किया गया। प्रकरण में अभी तक की विवेचना मे फैज एवं इमरान खान द्वारा अपने सहयोगियो के साथ अरुणाचल प्रदेश पासिंग वाहन आयशर AR06 C1 992 एनओसी दिनांक 22 अगस्त 2024 को प्राप्त कर भोपाल आरटीओ में MP04 YD 3671 पर दर्ज कराया गया एवं इस वाहन के ईजन व चेसिस नंबर हनीफ के वाहन MH40 CM 5741 में कूटरचित रूप से प्रतिस्थापित कर MP04 YD 3671 के नाम से वाहन को फैज खान के माध्यम से रमेश प्रजापति को बेच दिया। आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी और मेमोरेंडम पर ट्रक क्र. MH40 CM 5741 की जप्ती की गयी, ईनामी आरोपी इमरान खान को 13 दिसम्बर 2024 गिरफ्तार किया जाकर मेमो. पर बताए अनुसार ट्रक क्र. MP04 ZX 2715 को चेक कराये जाने पर चेचिस नंबर तथा इंजन नंबर अलग होने पर जप्त किया गया। मो. फुरकान अंसारी के द्वारा रुपये उधार दिये जाकर अपराध में संलिप्तता पाये जाने पर दिनांक 13 दिसम्बर 24 को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपीगणो की पुलिस रिमांड ली गयी है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम द्वारा अब तक की कार्रवाई में दो ट्रकों MH40 M5741 तथा MP04 ZX 2715 पुलिस द्वारा जप्त है एवं अन्य ट्रकों की तलाश जारी है।
सम्पूर्ण कार्यवाही मे अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रायसेन प्रतिभा शर्मा, निरीक्षक संदीप चौरसिया, निरीक्षक रंजीत सराठे, निरीक्षक बी.पी. सिंह, उप निरीक्षक शेरसिंह सुल्या, सहायक उप निरीक्षक सफीक खान, प्रधान आरक्षक संजीब, प्रधान आरक्षक रामपाल बागड़ी, प्रधान आरक्षक पंकज चौधरी, आरक्षक पुष्पेंद्र, आरक्षक शशांक, सायबर सेल टीम की अहम भूमिका रही। प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु राशि 10,000/- रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया है।



