क्राइम

स्कूटी को धक्का देकर महिला को गिराया और बैग लेकर हो गए रफू चक्कर

स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के बाईपास पर फिर हुई लूट, बाइक सवार युवकों ने फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मी को बनाया निशाना
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के बाईपास पर इन दिनों लूटपाट की घटनाएं आम होती जा रही हैं । आज एक बार फिर बाइक सवार युवकों ने फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मचारी को स्कूटी से धक्का देकर गिरा दिया और उसके बाद उसका बैग लेकर चंपत हो गए । स्लीमनाबाद बाईपास पर भेड़ा रोड के समीप हुई इस घटना के बाद समूचे क्षेत्र में खलबली मच गई है । बीते 15 दिनों में लूटपाट की यह तीसरी घटना स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई है। एक के बाद एक हो रही लूट की घटनाओं के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है ।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्लीमनाबाद स्थित सोनाटा फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम धरवारा निवासी प्रिया नामदेव कलेक्शन का काम करती है । विगत दिवस 25 सितंबर की शाम लगभग 6:30 बजे जब वह क्षेत्र से कलेक्शन कर के घर वापस जा रही थी, इसी दौरान स्लीमनाबाद बाईपास भेड़ा रोड के समीप बाइक सवार नकाबपोश यूवकों ने फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मी की स्कूटी को धक्का मार दिया । महिला कर्मी जैसे ही अनियंत्रित होकर स्कूटी सहित सड़क पर गिरी, बाइक सवार नकाबपोश युवक उसका पर्स छीनते हुए रफू चक्कर हो गए। लूटपाट का शिकार हुई महिला घटना की शिकायत लेकर स्लीमनाबाद थाने पहुंची है फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। एसडीओपी अखिलेश गौर ने बताया कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है थाना क्षेत्र अंतर्गत होने वाली लूट का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button