भगवती मानव कल्याण संगठन ने पकड़ी अवैध शराब की खेप

आबकारी विभाग पर उठे सवाल
रिपोर्टर : ओमप्रकाश साहू
मझौली । भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मझौली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही 27 पेटी शराब पकड़ ली। यह घटना उस समय हुई जब संगठन के सदस्य पटेरा से जबलपुर जा रहे थे। रास्ते में, मझौली से करीब 5 किलोमीटर दूर दौरा गांव में, उन्होंने देखा कि शराब ठेकेदार के लड़कों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब की आपूर्ति की जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही शराब से भरी बोलेरो गाड़ी गांव में शराब उतारने लगी, संगठन के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को रोक लिया और मौके पर ही शराब व आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद संगठन के सदस्य गाड़ी, शराब और दोनों आरोपियों को लेकर मझौली थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को इस बारे में सूचना दी।
थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों पर कानूनी कार्यवाही की। इस घटना ने एक बार फिर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के अनुसार, शराब की बिक्री केवल लाइसेंसी दुकानों से होनी चाहिए, लेकिन ठेकेदारों द्वारा गांव-गांव में अवैध रूप से शराब भेजी जा रही है। मझौली नगर में भी अलग-अलग स्थानों पर खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है, जिससे प्रशासन और आबकारी विभाग की भूमिका पर संदेह पैदा होता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस तरह की अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि गांवों और नगर में शराब माफियाओं पर लगाम लगाई जा सके।



