मध्य प्रदेश

वक्फ बिल के विरोध में काली पट्टी बांधने के मामले में मकबरा मस्जिद में दो गुटों में विवाद,

चार घायल, एक गंभीर रायसेन रेफर
आकर्षित समाज त्योहार कमेटी अध्यक्ष के खिलाफ सड़क पर उतरा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । अलविदा के जुमे पर नगर की मकबरा मस्जिद में नमाज के दौरान वक्फ बिल के विरोध में काली पट्टी बांधने की बात को लेकर मुस्लिम त्यौहार कमेटी अध्यक्ष एवं एक युवक के बीच हुआ वाद विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया जिसमें चार युवक हुए घायल जिसमें एक को गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
सब इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह चौधरी ने बताया कि आज दोपहर करीब एक बजे जुमे की नमाज के समय मकबरा मस्जिद में नमाज पढ़ने आए मुस्लिम त्यौहार कमेटी अध्यक्ष शकील अहमद का एक युवक सैयद सावेश अली नामक युवक से काली पट्टी बांधने को लेकर इस बात पर विवाद हो गया कि उसने मुस्लिम त्यौहार कमेटी अध्यक्ष से पूँछकर पट्टी क्यों नहीं बांधी , तब युवक सावेश अली द्वारा उलेमाओं की अपील पर पट्टी बांधने की बात कहीं ।
बातों -बातों में विवाद अभद्रता पर आ गया , तब मस्जिद में नमाज पढ़ने आए शकील अहमद एवं उसके दो भाई लईक पठान एवं नवेद पठान ने विवाद बढ़ने पर चाकू -,छुरी से दूसरे गुट पर हमला कर दिया । हमले में सैयद नवेद अली , सैयद अहद अली, सैयद शारिक अली एवं सावेश अली घायल हो गए । इस बीच बचाव कर रहे व् सऊर खान के हाथ में भी चाकू की चोट लगना बताया है। दो अन्य घायलों में अहद अली एवं सारिक अली को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मारपीट के बीच चाकू -छुरी चलने से मस्जिद में नमाज पढ़ने गए नमाजियों में भगदड़ मच गई । मस्जिद के फर्श पर चारों ओर खून गिरने से समय पर नमाज नही हो सकी। अलविदा जुमा की नमाज एक घण्टे बाद पढ़ाई गई ।
सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई और घायलों को अस्पताल लेकर आई ।
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि फरियादी सैयद सावेश अली पिता सैयद शौकत अली की रिपोर्ट पर आरोपित शकील अहमद पठान , लईक पठान एवं नवेद पठान के विरुद्ध धारा 296 , 115 ( 2 ) , 118 ( 1 ) , 351 (2 ) , 3 ( 5 ) बीएनएस के तहत मामला दर्जकर तीनों को हिरासत में ले लिया है ।
घटना की जानकारी जैसे ही शहर के लोगों को लगी तो घटना से लोगों की भावनाएं आहत होने पर लोग मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतर आए और सैकड़ो की संख्या में लोग थाने पहुंच गए जहां जमीयत उलेमा ने एक लिखित आवेदन शकील अहमद के खिलाफ देते हुए उनके द्वारा अपनी हरकतों से नगर का सांप्रदायिक माहौल खराब करने, उलेमाओं पर अनर्गल आरोप लगाने आदि के आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही समाज की सर्वोच्च संस्थाएं शूरा कमेटी, जमीयत उलेमा, एवं संरक्षकों ने तत्काल बैठक कर शकील अहमद को अध्यक्ष पद से हटाते हुए मुस्लिम त्योहार कमेटी कार्यकारिणी भंग करने का प्रस्ताव भी पास कर दिया।
लोगों का आक्रोश देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल पुलिस अधीक्षक को मामला की जानकारी देते हुए लोगों से संयम बरतने की अपील की तथा मस्जिद में घटना कारित करने वाले त्योहार कमेटी अध्यक्ष एवं उनके दोनों भाइयों के विरूध्द कड़ी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।

Related Articles

Back to top button