एक दिन पहले हुई शादी, दूसरे दिन प्रेमी संग भागी नई नवेली दुल्हन

शॉपिंग के बहाने बाजार गयी थी युवती
बिचौलियों ने 80 हजार रुपये लेकर कराई थी शादी
पलेरा पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्टर : मनीष यादव
पलेरा । थाना क्षेत्र के टोरिया गांव में एक ऐसी घटना घटी, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। 22 मई 2025 को एक युवक की रातभर की शादी पचवारा गांव की एक युवती से धूमधाम से मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। बारात का स्वागत हुआ, जयमाला हुई, और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर दोनों ने सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया। ससुराल आने के अगले दिन ही दुल्हन प्रेमी संग बाइक पर सवार होकर ससुराल वालों के सामने ही मौके से भाग गई। पलेरा नगर के बड़ा बस स्टैंड पर सैकड़ों नागरिकों के सामने घटित हुई वारदात को लेकर पूरे नगर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पलेरा थाना क्षेत्र के टोरिया गांव के निवासी बलराम कुशवाहा के पुत्र हुकुम कुशवाहा का विवाह 22 मई को पचवारा गांव की रहने वाली युवती काजल कुशवाहा के साथ वैदिक रीति रिवाज के साथ टोरिया गांव के मंदिर प्रांगण में संपन्न हुआ। शादी के अगले दिन 23 मई को नई-नवेली दुल्हन ससुराल पहुंची। दूल्हे के परिवार ने पूरे उत्साह के साथ दुल्हन का स्वागत किया, गृह प्रवेश कराया गया, और गीत-संगीत के साथ पूजा-पाठ का दौर चला। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब 23 मई को दुल्हन पलेरा बाजार से मेकअप एवं कूलर आदि सामान खरीदने की जिद करने लगी। जिसके बाद दुल्हन काजल के साथ सामान खरीदने ससुराल पक्ष से बुआ श्रीमती सोना देवी एवं उसका पुत्र अशोक कुशवाहा एवं देवर सुनील कुशवाहा सुबह 10 के करीब टोरिया गांव से पलेरा बस स्टैंड बाजार में पहुंचे। परिजनों के अनुसार तीन हजार रुपए का मेकअप आदि सामान खरीदने के बाद इलेक्ट्रिकल्स दुकान से कूलर पसंद करते-करते सोने चांदी के आभूषण पहने दुल्हन अचानक एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार के साथ बैठी और फिर लौटी ही नहीं। यह नजारा देखते ही बाजार में हड़कंप मच गया। ससुराल पक्ष के लोगों ने तत्काल दुल्हन को बाइक सवार युवक के साथ पकड़ने की कोशिश भी की लेकिन दुल्हन ने दो थप्पड़ लगाते हुए अपना हाथ छुड़ाया और मौके से फरार हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी दुल्हन और बाइक सवार का कोई पता न चल सका। ससुराल पक्ष से दुल्हन को साथ लेकर बाजार आई बुआ सोना देवी उक्त घटना को लेकर बीच बस स्टैंड पर रोती रहीं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मामले की शिकायत परिजनों के द्वारा पलेरा थाने में दर्ज कराई गई है। परिजनों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम टोरिया गांव के निवासी रविंद्र राजा पिता मनोहर सिंह एवं उनके चाचा रघुवीर सिंह के द्वारा फरियादी के पुत्र हुकुम कुशवाहा के विवाह के संबंध में तय की गई राशि अस्सी हजार रुपए लेकर उसका विवाह 22 मई को पचवारा गांव की युवती काजल कुशवाह के साथ टोरिया गांव में मंदिर प्रांगण पर कराया गया था। विवाह के दूसरे दिन यह पूरा घटनाक्रम सामने आया जिसमें दुल्हन सोने एवं चांदी के आभूषण पहनकर बाइक सवार के साथ मौके से भाग गई। फिलहाल पुलिस ने फरियादी का आवेदन पत्र लेते हुए इस मामले में जांच शुरू कर दी है। फरियादी के द्वारा विवाह में तय की गई रकम को लेकर लेनदेन से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस को दिया गया है।



