न्यू बस स्टैंड में लोडर, पिकप, आटो की अवैध पार्किंग, नहीं हो रही चलानी कार्यवाही

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान | उमरियापान नगर में इन दिनों जाम की समस्या से स्थानीय नागरिकों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ प्रतिदिन जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जाम लगने का मुख्य कारण न्यू बस स्टैंड है। न्यू बस स्टैंड पर अतिक्रमण इतना हावी है कि बस स्टैंड पर लोडर, पिकप, आटो की अवैध पार्किंग की जा रही है। अनेकों बार जनप्रतिनिधियों शांति समिति की बैठक में पुलिस प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा न्यू बस स्टैंड पर हो रही अवैध पार्किंग के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस स्टैंड में आटो, लोडर, निजी वाहनों के कारण यात्री बस बीच सड़क पर खड़ी कर यात्रियों को उतारना चढ़ाना और लागेज की लोडिंग अनलोडिंग करते हैं। इस कारण से जाम की समस्या से लोग परेशान हो रहे हैं। झंडा चौक से ढीमरखेड़ा, सिहोरा और कटनी की तरफ आने वाली बसें सड़क किनारे एवं दो पहिया व चार पहिया वाहनों को खड़ा करना जाम का प्रमुख कारण है। जिससे पैदल चलने वाले लोग भी परेशान होते है। इस समस्या पर स्थानीय प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उमरियापान में न तो पार्किंग की व्यवस्था है और न ही ट्रैफिक की। मुख्य सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें खड़ी हो जाती है। लोग जाम से परेशान रहते है। मुख्य बाजार झंडा चौक,बस स्टैंड,सिहोरा रोड, कटनी रोड़ के अलावा अन्य जगहों पर रुक-रुक कर जाम से लोग पूरे दिन जूझते रहते हैं। मिनटों का सफर घंटों में तय करने को स्थानीय लोग मजबूर हो रहे हैं। लंबा जाम देखकर लोग अपना रास्ता बदल लेते है। उमरियापान नगर वासियों ने थाना प्रभारी दिनेश तिवारी से आग्रह किया है कि न्यू बस स्टैंड पर हो रही अवैध पार्किंग के खिलाफ चलानी कार्यवाही कर सख्त हिदायत दी जाए कि बस स्टैंड पर अवैध पार्किंग न करें।



