भारत की आत्मा उसकी धरती है, किसान उसकी धड़़कन है

भारतीय संस्कृति में कृषि कर्म को पूजा माना गया है
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत अधिकारी कर रहे किसानों से सीधा संवाद
रिपोर्टर ; कमल याज्ञवल्क्य
बरेली । केन्द्र तथा मध्यप्रदेश सरकार की मंशानुरुप विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कृषि सहित कई विभागों के अधिकारी किसानों से सीधा संवाद कर रहे हैं। शुक्रवार को बरेली के समीप खरगोन, अहमदपुर एवं जामगढ़ में अभियान के तहत खेती के नए तरीकों एवं वैज्ञानिक तथा परंपरागत ज्ञान और सतत संवेदनशील कृषि की ओर बढ़ने की जानकारी साझा करने के लिए ग्राम पंचायतों के सभा कक्षों में संगोष्ठी आयोजित की गईं। रथ के माध्यम से भी गांवों में जानकारियां दी गई। बताया गया है कि विकास खंड बाड़ी के 18 ग्राम पंचायतों में यह आयोजन होना है। एक दिन में तीन ग्राम पंचायतों में किसानों से संवाद किया जाता है। 12 जून तक यह कार्यक्रम चलेंगे।
इन विभागों के अधिकारी रहे शामिल
विकसित कृषि अभियान कार्यक्रम में गांव गांव जाकर किसानों को कृषि वैज्ञानिक , कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग आदि विभागों के अधिकारी कर्मचारी किसानों को अपने अपने विभागों की जानकारी से अवगत करा रहे है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत खरगोन, अहमदपुर एवं जामगढ़ में वैज्ञानिक दल पहुंचा, इस दल ने कृषकों को धान फसल में कीट, रोग नियंत्रण,मृदा परीक्षण, खरीफ फसल में पोषक तत्व प्रबंधन, नरवाई प्रबंधन, बीजोपचार, उन्नत किस्में, उद्यानिकी फसलों, पशुओं में रोग निदान, प्राकृतिक खेती आदि की जानकारी किसानों को दी गई। जिसमें कई विभागों के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे। उप संचालक कृषि रायसेन दुष्यंत धाकड़, अनुविभागीय कृषि अधिकारी जी.एस. रैकवार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप द्विवेदी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी धरमसिंह पटेल, कृषि विस्तार अधिकारी विकास मालवीय, बी.एस.पबैया, उद्यानिकी अधिकारी राकेश जाट, पशुपालन विभाग अधिकारी बी.एस. धाकड़़ सहित भाजपा मंडल खरगोन के अध्यक्ष अभिषेक रघुवंशी, भगवानसिंह नेताजी, खरगोन के सरपंच विनोद त्रिपाठी, धीरेन्द्र पटेल, सचिव अमित दीक्षित, अहमदपुर सरपंच मनोरमा घनश्यामसिंह पटेल, जामगढ़ में सरपंच प्रतिनिधि कमलेश साहू, मंडल उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, उत्तम नारायण तिवारी, मदनलाल दीक्षित, शिवा शर्मा, उमेद लोधी, मनीष याज्ञवल्क्य, जीतेन्द्र शर्मा , कमल सिंह मेहरा आदि सहित कई किसानों की उपस्थिति रही।
धरती भारत की आत्मा, किसान धड़कन: अभिषेक रघुवंशी
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी में खरगोन ग्राम पंचायत में बोलते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष खरगोन के अध्यक्ष अभिषेक रघुवंशी ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी धरती है और उसकी धड़कन किसान हैं। कृषि हमारी सभ्यता की नींव रही है।वैदिक काल से ही कृषि न केवल आजीविका का साधन रही, बल्कि समाज की समृद्धि का मानक भी रही है। पारंपरिक कृषि पद्धतियों में प्रकृति से संतुलन, ऋतुओं का ध्यान, बीज-संरक्षण और पशुपालन जैसे आयाम जुड़े थे। इसे और बेहतरीन करने के सरकार की मंशा के अनुसार किसानों की उन्नति के लिए वैज्ञानिक पद्धति और सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे गांव और किसानों तक पहुंचे इसलिए सभी विभागों के अधिकारी किसानों से सीधा संवाद कर रहे हैं। मंडल अध्यक्ष अभिषेक रघुवंशी ने कहा कि ड्रोन, जीआईएस, सॉइल हेल्थ कार्ड, और एआई आधारित कृषि-परामर्श जैसी तकनीकें किसानों तक पहुँच रही हैं।
महिलाएं कृषि कार्य में निभा रहीं शसक्त भूमिका: मनोरमा घनश्यामसिंह पटेल
ग्राम पंचायत अहमदपुर में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान गोष्ठी में सरपंच मनोरमा घनश्यामसिंह पटेल ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के आगमन ने कृषि को नए आयाम दिए हैं। हरित क्रांति, सिंचाई परियोजनाएं, ट्रैक्टर, थ्रेशर, कीटनाशक, उन्नत बीज — इन सबने उत्पादन में वृद्धि की है। आज की कृषि बाज़ार आधारित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि महिलाएँ भी कृषि-कार्य में सशक्त भूमिका निभा रही हैं।
कृषि संस्कृति, अर्थव्यवस्था और अध्यात्म का संगम: मनोज शर्मा
भगवान श्रीकृष्ण की ससुराल जामवंत गुफा के लिए विख्यात ग्राम पंचायत जामगढ़ में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में भाजपा मंडल खरगोन के उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि कृषि हमारे अतीत की जड़ है, वर्तमान की धुरी है और भविष्य की आशा। उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर हमें आधुनिकता को अपनाना है, वहीं परंपरागत ज्ञान और धार्मिक चेतना को सहेजते हुए सतत और संवेदनशील कृषि की ओर बढ़ना है।
“कृषि केवल उत्पादन नहीं, वह संस्कृति, अर्थव्यवस्था और आध्यात्म का संगम है।” किसान उत्तम नारायण तिवारी सहित तीनों स्थानों पर अनेंक किसानों ने भी अपनी कृषि जिज्ञासा के तहत अधिकारियों से संवाद करते हुए समाधान चाहा।



