महिलाओं ने हाथों में लाठियां लेकर गांव में बोला धावा, घरों से जब्त की 66 क्वार्टर अवैध शराब
पुलिस को दिया था 3 दिन का अल्टीमेटम, 10 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
रिपोर्टर : रिजवान खान
जैथारी, सिलवानी । सिलवानी क्षेत्र के गांवों में अवैध शराब के खिलाफ महिलाएं काफी मुखर हैं। रविवार को पांच गांव की महिलाएं जैथारी में एकत्रित हुईं। भरी बारिश के बीच हाथों में डंडे लिए, पानी में भीगती हुई खुद अवैध शराब विक्रेताओं के घर पर पहुंची। महिलाओं को रोकने के लिए आरोपियों ने घरों के दरवाजे बंद कर दिए। बावजूद इसके वे संघर्ष करती हुईं, उनके घरों में घुसी और अवैध रुप से रखी शराब जब्त करके घरों से बाहर ले आईं। दोपहर 3.30 बजे से अवैध शराब जब्ती के लिए महिलाओं ने अभियान शुरु किया जो पूरे एक घंटे 4.30 बजे तक चला। सबसे पहले वे शीला बाई सोनी के निवास पर पहुंची वहां से 29 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की, इसके बाद कुछ ही दूरी पर शिवचरण उड़के के निवासी से 37 क्वार्टर अवैध शराब जब्त करके घरों से बाहर ले आईं। इस दौरान जैथारी, फुलमार, नूरपुरा, प्रतापगढ़ सहित अन्य गांवों में महिलाएं जैथारी गांव में जमा हुईं थी। चौकी प्रभारी अरविंद पांडे ने बताया कि दोनों आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पहले भी मार चुकी छापे
बीते महीने में सिलवानी क्षेत्र के कई गांवों में महिलाएं खुद आगे आकर अवैध शराब के खिलाफ छापा मार कार्रवाई कर रही हैं। उनके द्वारा पुलिस को शिकायत भी की जाती हैं, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं होती तो वे खुद आगे आकर अवैध शराब विक्रेताओं को पकड़ने से लेकर शराब जब्ती तक की कार्रवाई खुद ही करने में जुट जाती हैं।



