हाईवे लूटकांड का बड़ा खुलासा शातिर गैंग का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार, लूट का माल बरामद
रायसेन। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने हाईवे पर रात्रि में होने वाली बड़ी लूटकांड की गुत्थी सुलझा दी है। एसपी पंकज कुमार पांडे की मॉनिटरिंग और पुलिस टीमों की मुस्तैदी से यह खुलासा हुआ।
23 अगस्त 2025 की रात करीब 1 बजे फरियादी विजय कुमार जैन निवासी शाहगढ़ जिला सागर अपने भतीजे का गृहस्थी का सामान लेकर पिकअप वाहन MP15 G5140 से शाहगढ़ जा रहे थे। कोढ़ी नदी पुल के पास रात्रि विश्राम के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 बदमाशों ने फरियादी को बंधक बनाकर नगदी, मोबाइल और सामान लूट लिया और पिकअप वाहन लेकर भोपाल की ओर फरार हो गए। सूचना पर डायल 100 सलामतपुर टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए वाहन की तलाश शुरू की। बौद्ध यूनिवर्सिटी के पास पिकअप वाहन लावारिस अवस्था में मिला, जिसमें सामान बिखरा पड़ा था। इसी दौरान अर्जुन राठौर नामक व्यक्ति से भी लूट की पुष्टि हुई।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और एएसपी के निर्देशन में 5 टीमों का गठन किया गया। एसडीओपी रायसेन के नेतृत्व में लगातार पीछा करने पर आरोपी बेरखेड़ी चौराहा के पास बाइक छोड़कर जंगल में भागे। सघन सर्चिग के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार हुआ, जिसने अपराध कबूल करते हुए अन्य पांच साथियों के नाम बताए। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड राजगढ़ जिले में चोरी व डकैती से जुड़ा पाया गया।
पुलिस ने लूटी हुई मोटरसाइकिल जब्त की। डीआईजी महोदय ने गिरफ्तारी करने वाले पुलिस कर्मियों के लिए 20,000 का नगद इनाम घोषित किया। कार्रवाई में योगदान देने वाले अधिकारी/कर्मचारी प्रतिभा शर्मा एसडीओपी रायसेन, नरेंद्र गोयल थाना प्रभारी कोतवाली रायसेन, दिनेश थाना प्रभारी सलामतपुर, जयप्रकाश त्रिपाठी थाना प्रभारी सांची, एएसआई और आरक्षक रंजीत लोधी, शैलेंद्र सोलंकी, रंजीत धाकड़, रोहित गोस्वामी, दिनेश राजपूत, ध्रुव सिंह, चंद्रपाल सिंह, रामकरण शर्मा, दीपक उपनरे, शुभम और साइबर टीम सुरेंद्र सिंह। रायसेन पुलिस की मुस्तैदी से हाईवे लूटकांड का पर्दाफाश हुआ और अपराधियों के इरादों पर पानी फिर गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



