क्षमावाणी कार्यक्रम के साथ सम्पन्न हुआ पर्युषण पर्व

गैरतगंज में समापन के मौके पर निकाली विशाल शोभायात्रा
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। सकल दिगंबर जैन समाज एवं जैन युवा शक्ति के तत्वावधान में पर्युषण पर्व के समापन मौके पर विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान गैरतगंज, कस्बा गढ़ी सहित अन्य स्थानों पर क्षमावाणी कार्यक्रम सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किये गए।
पर्युषण पर्व पर चल रहे दस लक्षण महापर्व सानंद संपन्न होने के उपलक्ष्य में रविवार को भगवान की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस मौके पर विशाल चल समारोह चौक बाजार प्रांगण से निकाला गया जो ननंदनी नगर, बस स्टैंड होते हुए टेकापार महावीर दिगंबर जैन धर्मशाला में जाकर एक विशाल धर्मसभा के रूप में परिवर्तित हुआ। यहां भगवान का अभिषेक, शांति धारा आदि क्रियाएं संपन्न की गई इसके अलावा क्षमा वाणी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चल समारोह में विशेष आकर्षण के केंद्र जैन युवा शक्ति अखाड़ा, दिव्य घोष, बैंड ,घोड़े, धर्म ध्वजा, संगीत मंडली रहे। इस मौके पर सभी मंडल अपनी अपनी गणवेश में चल समारोह में सम्मिलित हुए। इसके अलावा कस्बा गढ़ी में बड़े जैन मंदिर से चल समारोह शुरू हुआ जो मुख्य मार्ग से होते हुए समापन हुआ। बड़े जैन मंदिर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए बाजारों में जैन समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।



