क्राइम

सीएम राइज विद्यालय में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकायुक्त की कार्यवाही

वेतन भुगतान के एवज में 1 लाख की रिश्वत लेते दो कर्मचारी गिरफ्तार
रिपोर्टर : मनीष यादव
पलेरा । समूचे जिले में रिश्वतखोर अधिकारियों कर्मचारियों पर लोकायुक्त के द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही है। बावजूद इसके रिश्वत लेने के मामलों में कमी नहीं आ रही है। लोकायुक्त के पास भ्रष्टाचार से जुड़ी औसतन 12 से 15 शिकायतें हर माह पहुंच रहीं हैं। इसमें रिश्वत मांगने, आय से अधिक संपत्ति सहित शासकीय कर्मियों द्वारा की जा रहीं अन्य आर्थिक अनियमितताओं संबंधी हैं। इसी तारतम्य में बीते मंगलवार को पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश पर सागर लोकायुक्त इकाई की ट्रेप कार्यवाही में पलेरा नगर के सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय मे एक लाख की रिश्वत समेत दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल कुमार खरे पिता श्यामाचरण खरे उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम आलमपुरा तहः पलेरा सहायक शिक्षक माध्यमिक विद्यालय बेला तहसील पलेरा मे पदस्थ हैं। आवेदक को उनकी शाला का प्रभार नहीं लेने के आरोप में जनवरी 2023 में निलंबित किया गया था एवं जुलाई 2023 को बहाल किया गया था। आवेदक के निलंबन अवधि के शेष वेतन का भुगतान उसके खाते में करवाने के एवज में कैलाश खरे सहायक शिक्षक सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय पलेरा एवं शंकरलाल कटारे भ्रृत्य माध्यमिक विद्यालय टोरिया द्वारा 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। आवेदक अनिल कुमार खरे द्वारा इस संबंध में लोकायुक्त सागर में शिकायत करने के पश्चात आवेदक के आवेदन पत्र के सत्यापन हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षक रंजीत सिंह को आदेशित किया गया। सत्यापन के दौरान आरोपीगण ने आवेदक से 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की गई एवं मंगलवार को 1 लाख रुपए लेने को सहमत हो गए। जिन्हें मंगलवार को एक लाख रुपए रिश्वत राशि ग्रहण करते रंगे हाथों ट्रेप किया गया। जिनके विरुद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। लोकायुक्त सागर टीम की इस कार्यवाही में ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक रंजीत सिंह, निरीक्षक कमल सिंह उईके एवं ट्रैप दल मौके पर मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button