मध्य प्रदेश

नगर में ट्रैफिक की बड़ी समस्या, जाम से कब मिलेगी निजात?

बजरंग चौराहा बना जाम का केंद्र, वाहन रेंगने को मजबूर
सिलवानी। नगर में ट्रैफिक की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। विशेषकर बजरंग चौराहा क्षेत्र में रोजाना लगने वाले जाम से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि व्यस्त समय में वाहन रेंगते नजर आते हैं और राहगीरों को भी निकलने में कठिनाई होती है।
नगर की सड़कें अपेक्षाकृत चौड़ी होने के बावजूद दुकानदारों द्वारा सड़कों पर सामान फैलाकर रखना, अस्थायी अतिक्रमण और बेतरतीब वाहन पार्किंग जाम की मुख्य वजह बन रही है। चौराहे के आसपास ठेले, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है।
नागरिकों की परेशानी बढ़ी
बार-बार लगने वाले जाम से स्कूल जाने वाले छात्र, मरीज, बुजुर्ग और कार्यालय जाने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई बार एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जिससे समय पर मदद पहुंचाना मुश्किल हो जाता है।
प्रशासनिक कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण हटाने, नो-पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन कराने और नियमित ट्रैफिक निगरानी की जाए, तो समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। लोगों ने नगर प्रशासन और पुलिस विभाग से बजरंग चौराहा सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर ठोस कार्रवाई की मांग की है।
कब मिलेगी जाम से राहत?
नगरवासियों का सवाल है कि आखिर जाम से कब निजात मिलेगी? यदि जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब और कैसे ध्यान देता।

Related Articles

Back to top button