भागवत कथा के द्वितीय दिवस में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी
सिलवानी। तहसील क्षेत्र के ग्राम उचेरा जमुनिया स्थित श्री कृष्णा गौशाला में आयोजित सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के द्वितीय दिवस में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित हितेश कृष्ण शास्त्री जी द्वारा अत्यंत सरल, सहज एवं मधुर वाणी में किया जा रहा है।
कथा के द्वितीय दिवस पर श्री व्यास जी के माध्यम से कर्म और फल के सिद्धांत पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्मों का फल अवश्य प्राप्त होता है—आज नहीं तो कल, किसी न किसी रूप में। जैसा कर्म किया जाता है, वैसा ही उसका परिणाम मिलता है। इसलिए प्राणी मात्र का परम धर्म है कि वह किसी भी परिस्थिति में जीव हिंसा न करे और किसी भी आत्मा को दुःख न पहुँचाए।
पंडित जी ने श्रोताओं को सदाचार, करुणा और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मंच संचालन पंडित बालकृष्ण शास्त्री एवं सूर्यकांत शास्त्री द्वारा किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए क्षेत्र के अनेक ग्रामों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।



