सिलवानी में अखिल भारतीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन

एमजी एचएम एकता भोपाल बनी विजेता, 1 लाख का पुरस्कार मिला
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत बोले—खेल से मिलता है स्वास्थ्य और जीवन अनुशासन
सिलवानी। शिवाजी नवयुवक ग्रुप सिलवानी के तत्वावधान में शासकीय कॉलेज ग्राउंड में आयोजित अखिल भारतीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल में एमजी एचएम एकता भोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्लोबल टीवीएस सिलवानी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला 7 ओवर का खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्लोबल टीवीएस सिलवानी की टीम ने 7 ओवर में 7 विकेट खोकर 67 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमजी एचएम एकता भोपाल की टीम ने मात्र 3 ओवर 2 गेंद में 68 रन बनाकर 10 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने विजेता टीम को 1 लाख रुपये एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास का सशक्त माध्यम है। खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है।
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने में खेल की अहम भूमिका है। जब युवा मैदान में मेहनत करता है, तो वह जीवन की कठिन चुनौतियों का सामना करना भी सीखता है। उन्होंने कहा कि सिलवानी क्षेत्र के खिलाड़ी तहसील और जिला ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। अंतिम दिन खेले गए सेमीफाइनल में ग्लोबल टीवीएस ने तोता इलेवन को हराया, जबकि एमजी एचएम एकता भोपाल ने कारतूस इलेवन राहतगढ़ को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में अक्षय को मैन ऑफ द मैच एवं बेस्ट बॉलर, नरेंद्र लोधी को मैन ऑफ द सीरीज तथा केडी को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया।
आयोजकों द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों से आई टीमों ने सहभागिता की। आयोजन को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।
समापन अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, संदीप शर्मा, नारायण यादव, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, माधव साहू, धर्मेंद्र रामशरण, दिपेश समैया, राजीव रघुवंशी, राजू भैया, मन्नू राजपूत, अनुज भंवरिया, आशीष जैन, लकी जैन, गोलू शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।



