क्राइम

पथरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 304 पेटी अवैध शराब जब्त, लाखों का माल बरामद

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
पथरिया/दमोह। जिले के थाना पथरिया क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 304 पेटी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 2777.76 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) पथरिया सुश्री प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित मिश्रा व उनकी टीम ने यह सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार 29 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे पुलिया के पास एक बोलेरो पिकअप वाहन में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 15 जेडजी 3849) संदिग्ध अवस्था में एक निर्माणाधीन मकान में घुसता दिखाई दिया।
पुलिस को देखते ही वाहन चालक शटर बंद करने की कोशिश करते हुए पीछे की ओर भाग निकला और पेड़ के सहारे कूदकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन और मकान की तलाशी ली, जिसमें 304 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में निर्माणाधीन मकान के मालिक का नाम कोमल अहिरवार, निवासी जिला सागर बताया गया। पुलिस ने आरोपी कोमल अहिरवार और फरार पिकअप चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button