सिलवानी समर कैम्प में निखर रही खेल प्रतिभाएंबच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ प्रोफेशनल खिलाड़ियों की तैयारी पर जोर

सिलवानी। मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सिलवानी में समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। 30 मई तक चलने वाले इस कैम्प में बच्चों के व्यक्तित्व विकास, नई खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें भविष्य के प्रोफेशनल खिलाड़ी के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
खेल शिक्षक कमलेश जाटव ने बताया कि कैम्प का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। इसके अंतर्गत बच्चों को योग, फिटनेस और विभिन्न खेलों की बुनियादी जानकारी दी जा रही है।
कैम्प में नए खिलाड़ियों की स्क्रीनिंग, बॉडी कम्पोजिशन और प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में खेल अकादमियों में चयन के दौरान उन्हें सहायता मिल सके।
इसके अलावा बच्चों को नशे से दूर रहने, साइबर सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
नगर के अधूरे खेल परिसर में आयोजित इस कैम्प में ऑर्चरी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, कराते और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।



