मड़ेरा कालोनी के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी घायल

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान ढीमरखेड़ा मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई । दुर्घटना मडेरा कॉलोनी के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी । हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तिघरा निवासी संतोष झारिया (35 वर्ष) अपनी पत्नी आरती झारिया (26 वर्ष) के साथ बाइक से उमरियापान से ढीमरखेड़ा की ओर आ रहे थे । इसी दौरान विपरीत दिशा से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी । टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष झारिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरती झारिया के पैर में फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें आई हैं ।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे । पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए उमरियापान अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा ।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


