बड़वारा विधानसभा के पांच स्वास्थ्य केन्द्रों को सीएचसी बनाने की मांग

उप मुख्यमंत्री से विधायक ने की शिष्टाचार भेंट, सौंपा मांग पत्र
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने महत्वपूर्ण पहल की है । उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के पांच स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन संबंधी मांग पत्र सौंपा।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने अपने पत्र में बताया कि बड़वारा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ती जनसंख्या और मरीजों की संख्या को देखते हुए वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में उन्नयन अत्यंत आवश्यक है, जिससे लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों, बेहतर उपचार, प्रसूति सेवाओं तथा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।
उन्होंने जिन स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन की मांग की है, उनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढीमरखेड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कछारगांव बड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौंडी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खमतरा तथा भजिया उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
विधायक ने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन की शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए । इससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी और गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा ।
भाजपा नेता योगेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने इस मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से विस्तार से चर्चा की तथा क्षेत्र की स्वास्थ्य आवश्यकताओं से अवगत कराया ।



