सांदीपनी विद्यालय सिलवानी में भारतीय स्काउट-गाइड का बिगनर्स कोर्स शिविर संपन्न

सिलवानी। शासकीय सांदीपनी विद्यालय, सिलवानी में भारतीय स्काउट एवं गाइड संगठन के तत्वावधान में बिगनर्स कोर्स प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में सिलवानी, बेगमगंज एवं गैरतगंज क्षेत्र के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के स्काउट प्रभारी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का संचालन स्काउट प्रशिक्षक सुशील बिल्लोरे एवं राजेश मेवाड़ ने किया, जबकि एन.के. शर्मा, प्रमोद मेहर एवं डी.एस. बघेल ने शिविर सहायक के रूप में प्रशिक्षण कार्य में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य एन.पी. शिल्पी ने की। विद्यालय के स्काउट प्रभारी महेंद्र सिंह यादव की विशेष उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में शिविर का सफल संचालन हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भारतीय स्काउट एवं गाइड के इतिहास, उद्देश्य, सिद्धांत, प्रतिज्ञा, नियम, अनुशासन, सेवा भावना तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रारंभिक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षकों ने स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने पर विशेष बल दिया।
शिविर के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित शिक्षकों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताते हुए नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।



