समदरिया मार्बल में 57 वर्षीय ट्रक चालक की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा

मौत के कारण को लेकर परिजनों ने मार्बल संचालक पर लगाए आरोप, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत समदरिया मार्बल में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां कार्यरत 57 वर्षीय ट्रक चालक मुकेश हल्दकार पिता देवकरण हल्दकार, निवासी ग्राम इमलिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए कटनी जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मुकेश हल्दकार की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, वे जिला चिकित्सालय पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने मौत के कारण को लेकर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने मुकेश की मौत के लिए मार्बल संचालक को जिम्मेदार बताते हुए मामले की जांच की मांग की।
वहीं, चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया मुकेश की मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामले को लेकर स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारण और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



