मध्य प्रदेश

शाम होते ही सड़कों पर लग जाता है मवेशियों का जमावड़ा, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

स्लीमनाबाद क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों पर गाय-बैलों का डेरा, राहगीरों को हो रही परेशानी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। बरसात का मौसम शुरू होते ही स्लीमनाबाद तहसील क्षेत्र की सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। शाम होते ही फोरलेन सहित क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों पर बड़ी संख्या में गाय-बैल सड़क पर बैठते और घूमते नजर आते हैं। इसके चलते यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार स्लीमनाबाद-पान उमरिया मार्ग, बहोरीबंद मार्ग, स्टेशन रोड, परोहा-पिपरिया मार्ग, डुंगरिया मार्ग सहित अन्य सड़कों पर शाम के समय मवेशियों का जमावड़ा आम बात हो गई है। कई स्थानों पर सड़क के बीचों-बीच मवेशियों के बैठे रहने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। इससे दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिरने से चोटिल भी हो रहे हैं।
विशेषकर रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पर मवेशियों का झुंड किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाने और उनके सुरक्षित प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाकर सड़क पर विचरण करने वाले मवेशियों को हटाया जाए तथा उनके उचित प्रबंधन की व्यवस्था की जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
लोगों का कहना है कि समय रहते यदि ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा।

Related Articles

Back to top button