मध्य प्रदेश

बंधी स्टेशन बाजार से अतिक्रमण हटाने की मांग, समूचे ग्रामवासियों ने जनसुनवाई में सौंपा आवेदन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। तहसील क्षेत्र के बंधी स्टेशन के मुख्य बाजार एवं धरवारा रोड पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर समूचे ग्रामवासियों ने कटनी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रशासन को लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। ग्रामवासियों ने आवेदन के माध्यम से सड़क एवं सार्वजनिक आवागमन की भूमि से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बंधी स्टेशन मुख्य बाजार चौराहे से स्लीमनाबाद रोड की चौड़ाई पूर्व रिकॉर्ड के अनुसार 120 कड़ी तथा बंधी से धरवारा की ओर 80 कड़ी थी। ग्रामवासियों के अनुसार राजस्व चांदो से वर्ष 1973 में अतिक्रमण हटाए जाने के बाद सड़क आवागमन योग्य हुई थी, लेकिन इसके बाद लोगों द्वारा अपने पट्टे में दर्ज भूमि से आगे सड़क की जमीन पर कब्जा कर आवागमन में बाधा उत्पन्न की जा रही है।
ग्रामवासियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात प्रभावित हो रहा है तथा भविष्य में किसी दुर्घटना की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी अतिक्रमणकारियों की होगी। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि अतिक्रमण हटाने की सूचना कई बार पंचायत एवं राजस्व विभाग के पटवारी के माध्यम से उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाती है, लेकिन मामला कथित रूप से लंबित रहता है।
*प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग*
ग्रामवासियों ने जनसुनवाई में दिए आवेदन के माध्यम से बंधी स्टेशन-धरवारा रोड से अतिक्रमण हटाने तथा सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए उच्च न्यायालय जबलपुर के मुख्य न्यायाधीश, मुख्य सचिव राजस्व म.प्र. शासन भोपाल, कलेक्टर कटनी एवं तहसीलदार स्लीमनाबाद सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
ग्रामवासियों का कहना है कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और संभावित दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button