तिरंगा रैली से देशभक्ति के रंग में रंगा नगर, गूंजे जयकारे

सिलवानी। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ सांदीपनी विद्यालय परिसर से हुआ, जो बजरंग चौराहा, सागर रोड, कुशवाहा धर्मशाला, जैन मंदिर, छोटी मस्जिद एवं नगर परिषद होते हुए तहसील प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष लगाकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता करते हुए नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों की एकजुटता, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की अभिव्यक्ति है।
रैली में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, नगर परिषद सीएमओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



