डूड़ी शासकीय स्कूल में चोरी, ताला तोड़कर गैस सिलेंडर सहित हजारों का सामान पार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम डूड़ी स्थित शासकीय स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की सुबह अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया । बदमाश स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और किचन सहित अन्य कमरों में रखी उपयोगी सामग्री चोरी कर मौके से फरार हो गए । चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है ।
जानकारी के अनुसार घटना 15 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है । अज्ञात बदमाश स्कूल परिसर में पहुंचे और कमरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया । इसके बाद किचन में रखे दो रसोई गैस सिलेंडर, मध्याह्न भोजन का किराना सामान, टीचिंग मटेरियल, पर्दे, फ्लावर पॉट सहित अन्य सामग्री को समेट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए ।
सुबह स्कूल पहुंचने पर कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखकर घटना की जानकारी सामने आई । इसके बाद स्कूल की शिक्षिका अर्चना मेहरा, पिता मथुरा प्रसाद झारिया, उम्र 39 वर्ष, निवासी पचपेढ़ी द्वारा उमरियापान थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी गई । शिकायत में स्कूल से चोरी गई सामग्री का उल्लेख करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई ।
शिकायत के आधार पर उमरियापान पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 247/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(1) में मामला दर्ज किया है । पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है । प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक बी.एस. मार्को द्वारा की जा रही है ।
पुलिस द्वारा स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है । साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं । ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है ।



