आठ साल से जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे, अर्थखेड़ा में नए भवन की मांग

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा। तहसील जबेरा अंतर्गत ग्राम पंचायत कटंगी के ग्राम अर्थखेड़ा स्थित शासकीय स्कूल भवन की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को छात्र-छात्राओं के साथ दमोह कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर नवीन शासकीय स्कूल भवन के निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल भवन पिछले करीब आठ वर्षों से अत्यंत जर्जर एवं बदहाल स्थिति में है। भवन की हालत खराब होने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि जर्जर भवन कभी भी गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद बच्चे इसी भवन में पढ़ने के लिए मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी चिंता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम अर्थखेड़ा में नवीन शासकीय स्कूल भवन की स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए।
ग्रामीणों ने आवेदन के माध्यम से प्रशासन से इस गंभीर जनहित के मामले में तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। आवेदन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी किए गए।
इस दौरान भोपाल सिंह, अनिल सिंह, बबलू सिंह, महेंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, चंद्रभान सिंह, राहुल सिंह, नरेंद्र सिंह, मोहन सिंह, देवी सिंह, मंगल सिंह, गजेंद्र सिंह, मुकेश सिंह सहित अन्य ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर भवन में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। अब ग्रामीणों को प्रशासन से नवीन स्कूल भवन की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।



