मध्य प्रदेश

आदिवासी अंचल की बेटी को पढ़ाई के लिए सेवानिवृत्त प्राचार्य लखन लाल बागरी ने दिया पांच हजार का प्रोत्साहन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में पूर्व बीईओ एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य लखन लाल बागरी ने आदिवासी बाहुल्य ग्राम कारोपानी की एक बेटी को कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने पर पढ़ाई के लिए 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की है ।
लखन लाल बागरी ने पूर्व में संकल्प लिया था कि आजादी के बाद आदिवासी बाहुल्य ग्राम कारोपानी की जो बेटी पहली बार कक्षा 9वीं में प्रवेश लेकर आगे की पढ़ाई जारी रखेगी, उसे वे अपनी ओर से 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देंगे । इसी संकल्प को पूरा करते हुए 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से छात्रा को 5 हजार रुपये की राशि प्रदान कर उसकी आगे की पढ़ाई में सहयोग किया ।
श्री बागरी ने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत माध्यम है । ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए । उन्होंने छात्रा को आगे भी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया ।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि यदि उक्त छात्रा मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए कक्षा 11 वीं में प्रवेश लेती है, तो उसे 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी ।

Related Articles

Back to top button