धार्मिकमध्य प्रदेश

अंतिम सावन सोमवार को शिवालयों में गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे,

भक्ति में डूबा सिलवानी नगर
श्रावण मास की विदाई पर श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को अर्पित किया पंचामृत, रक्षाबंधन की तैयारियां भी शुरू
सिलवानी। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को नगर के शिवालयों में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही ‘बम बम भोले’ के जयघोषों के बीच श्रद्धालु हाथों में पूजन सामग्री लेकर शिवालयों की ओर निकल पड़े। पूरे नगर का वातावरण शिवमय और भक्तिरस में डूबा रहा।
शिवभक्तों ने दूध, दही, घी, शहद, चीनी, पंचामृत, चंदन, बेलपत्र, धतूरा, कमल गट्टा, दूर्वा, लौंग, इलायची, सुपारी, पान, मिश्री सहित विविध पूजन सामग्री से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर के बजरंग चौराहा मंदिर, गांधी आश्रम परिसर, कांठिया मंदिर और पीडब्ल्यूडी परिसर स्थित शिवालयों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। केवल मंदिर ही नहीं, घर-घर में भी श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का पूजन कर श्रावण मास की समाप्ति का अनुष्ठान पूर्ण किया।
रक्षाबंधन की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, बाजारों में लौटी रौनक :
श्रावण मास के समापन के साथ ही अब राखी पर्व की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। शुक्रवार को भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पूरे उल्लास के साथ मनाया जाएगा। हालांकि लगातार हो रही बारिश से बाजारों में भीड़ कम रही है, लेकिन व्यापारियों को अंतिम क्षणों में खरीदारों की अच्छी भीड़ की उम्मीद है।
राखियों की दुकानों पर विभिन्न प्रकार की डिजाइनर राखियों की सजावट देखने को मिल रही है। बहनों ने उपहारों की खरीदारी भी शुरू कर दी है। त्योहार को लेकर बच्चों से लेकर बड़ों तक में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button