गड्ढों में तब्दील नगर की मुख्य सड़कें, सावधानी हटी तो हादसा तय

सिलवानी। नगर से होकर गुजरने वाले स्टेट हाईवे एवं प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में हैं। सड़कें जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे पैदल राहगीरों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों तक सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
नगर के बजरंग चौराहा से बरेली मार्ग तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसी प्रकार बजरंग चौराहा से उदयपुरा मार्ग पर भी गड्ढों की भरमार है, जिससे वाहन चालकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इन मार्गों से गुजरना जोखिम भरा साबित हो रहा है।
*करोड़ों की लागत से बनी फोरलेन भी बदहाल*
सिलवानी से राजधानी भोपाल को जोड़ने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क, जिसका निर्माण कुछ वर्ष पूर्व ही किया गया था, आज अपनी बदहाल स्थिति पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं और बारिश ने हालात को और अधिक खराब कर दिया है। लोगों का कहना है कि अब सड़क कम और गड्ढे ज्यादा दिखाई देते हैं।
*अतिक्रमण से गायब हुए फुटपाथ, बढ़ा हादसों का खतरा*
भोपाल रोड पर तहसील कार्यालय से लेकर बजरंग चौराहा एवं मुख्य बाजार क्षेत्र तक फुटपाथों पर अतिक्रमण का कब्जा है। दुकानदारों द्वारा सामान सड़क तक फैलाने के कारण पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ उपलब्ध नहीं हैं। मजबूरन लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
*मरम्मत की मांग, जिम्मेदार विभाग से कार्रवाई की अपेक्षा*
नगरवासियों का कहना है कि संबंधित विभाग को तत्काल सर्वे कराकर सड़कों के गड्ढों की मरम्मत करानी चाहिए। समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो बारिश के मौसम में बड़े हादसे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र सुधार कार्य शुरू कराने की मांग की है।
*सोशल मीडिया पर छलका लोगों का दर्द*
नगर की जर्जर सड़कों को लेकर लोगों का आक्रोश सोशल मीडिया पर भी साफ दिखाई दे रहा है। नागरिक खराब सड़कों और जलभराव की तस्वीरें एवं वीडियो साझा कर जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है और उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
नगरवासियों की मांग है कि प्रशासन और संबंधित विभाग बारिश समाप्त होने की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल गड्ढों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने तथा सड़क सुधार का कार्य शुरू करे, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।



