झिंझरी जेल में रक्षाबंधन पर बांटी खुशियां, बंदी महिलाओं और बच्चों को मिले उपहार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भारत सरकार सूचीबद्ध मानवाधिकार संस्था एवं सर्वधर्म जनसेवा मंच समिति के संयुक्त तत्वावधान में झिंझरी जेल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया । अधिवक्ता एवं समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बंदी महिलाओं को सोलह श्रृंगार सामग्री, राखी, रूमाल, मेहंदी, चूड़ी, बिंदी और मिठाई वितरित की गई । वहीं उनके साथ रह रहे नन्हे-मुन्ने बच्चों को नए कपड़े, कॉपी, रंग, ड्राइंग सामग्री, पेन-पेंसिल सहित अन्य उपहार दिए गए । उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी और बंदी महिलाओं में भी उत्साह नजर आया ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झिंझरी जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी रहे, जबकि अध्यक्षता उप अधीक्षक अरविंद खरे ने की । विशिष्ट अतिथि के रूप में दादा भाई अरविंद कुमार शाह, कृषि विस्तार अधिकारी संगीता सिंह, डॉ. उर्मिला साई प्रीत, सूचीबद्ध मानवाधिकार भारत आयोग की प्रदेशाध्यक्ष सरस्वती सोनी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना से हुआ । इसके बाद महिलाओं ने समाजसेवी लक्ष्मी रजक के साथ भक्ति गीत प्रस्तुत करते हुए श्रीकृष्ण से अपने उद्देश्य की पूर्ति और जीवन में सुरक्षा एवं सद्मार्ग का आशीर्वाद मांगा । अतिथियों का रोली-तिलक एवं बैज लगाकर जूनियर अधिवक्ता मीरा अहिरवार, अधिवक्ता पूनम रैदास और आशा कार्यकर्ता रीता दुबे ने स्वागत किया ।
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं ने जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी के हाथों में रेशम की डोरी बांधकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया । लक्ष्मी रजक ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर महिलाओं को सत्य एवं सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया । समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने स्वागत गीत प्रस्तुत करते हुए महिलाओं से अपनी गलतियों पर आत्ममंथन करने तथा जेल से बाहर निकलने के बाद सामाजिक विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया ।
जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी ने कहा कि महिलाएं शिक्षित और सक्षम बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें तथा बेहतर और सुखमय जीवन की ओर आगे बढ़ें । उन्होंने रेखा अंजू तिवारी एवं अन्य समाजसेवी महिलाओं द्वारा कई वर्षों से किए जा रहे मानवतावादी एवं जनहितैषी कार्यों की सराहना की ।
इस अवसर पर बंदी महिलाओं को श्रृंगार सामग्री एवं मिठाई तथा बच्चों को कपड़े और शैक्षणिक सामग्री सहित उपहार वितरित किए गए । उपहार पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बनी, वहीं बंदी महिलाओं के चेहरों पर भी लंबे समय बाद मुस्कान नजर आई ।
कार्यक्रम में झिंझरी जेल की शिक्षिका दीप्ति श्रीवास्तव, मुख्य प्रहरी सृष्टि मिश्रा, मुख्य प्रहरी ईमान सिंह, किशोर दुबे, मुख्य प्रहरी रानी सिंह ठाकुर, प्रहरी अतुल श्रीवास्तव, प्रहरी अंकित मिश्रा, मुख्य प्रहरी रानी सहित जेल के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे ।



