क्राइम

जंगल में जंगली सूअर का शिकार, मांस और हथियारों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

वन विभाग की टीम ने जमुनिया के जंगल में की कार्रवाई, न्यायालय ने चारों को भेजा जेल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र के जमुनिया के जंगल में जंगली सूअर के अवैध शिकार का मामला सामने आया है । मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया । आरोपियों के कब्जे से जंगली सूअर का ताजा कटा हुआ मांस सहित शिकार में प्रयुक्त हथियार और फंदे बरामद किए गए हैं ।
रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से जंगली सूअर का मांस, दो बका, एक कुल्हाड़ी, वन्यप्राणियों को फंसाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले क्लच वायर के दो फंदे तथा करीब एक किलो जीआई तार जब्त किया ।
वन विभाग के अनुसार, सूचना मिली थी कि जमुनिया गांव के समीप जंगल में कुछ लोग जंगली सूअर का शिकार करने के बाद उसके मांस को आपस में बांटने की तैयारी में हैं । सूचना मिलते ही वन अमले ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ लिया ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शक्ति कोल, गुलाब कोल, मनीष कोल और राजेंद्र कोल, सभी निवासी बहोरीबंद के रूप में हुई है । वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें कटनी न्यायालय में पेश किया । न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया ।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन नामदेव ने बताया कि वन क्षेत्र में वन्यप्राणियों के अवैध शिकार और फंदे लगाने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी की जा रही है ।

Related Articles

Back to top button