बिजली की समस्या को लेकर किसानों ने दिया ज्ञापन ज्ञापन; चक्काजाम का अल्टीमेटम

सिलवानी। कीरतपुर क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर किसान एवं ग्रामीण एकत्रित होकर विद्युत वितरण केंद्र पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। किसानों का कहना है कि कृषि फीडरों पर अधिक विद्युत भार होने से उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है।
इसके बाद किसानों ने एसडीएम सिलवानी को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की। ज्ञापन में कृषि फीडरों का भार संतुलित करने, करीब 22 गांवों की अटल ज्योति विद्युत आपूर्ति को अलग-अलग लाइनों में विभाजित करने तथा बढ़ती जरूरत को देखते हुए नवीन विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने सहित अन्य मांगें रखी गईं।
बिजली घर पहुंचे किसानों को अधिकारियों ने समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। वहीं किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे चक्काजाम आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।



