पर्यावरणमध्य प्रदेश

गांधी जयंती पर सीएफआई मॉडल स्कूल में स्वच्छता अभियान

विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने स्वच्छता का दिया संदेश, नियमित सफाई का लिया संकल्प
रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर सीएफआई मॉडल स्कूल, उमरियापान में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया । अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था । कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजली जैकब, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की ।
अभियान के दौरान विद्यालय परिसर, कक्षाओं, गलियारों, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई । विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने परिसर में फैले कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया ।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या अंजली जैकब एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और जिम्मेदारी बनाना आवश्यक है । विद्यार्थियों को कूड़ेदान का उचित उपयोग करने, इधर-उधर कचरा नहीं फैलाने तथा अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया ।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अभियान में भाग लेते हुए “स्वच्छ विद्यालय, स्वस्थ विद्यालय” और “अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखें” जैसे संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का प्रयास किया । अभियान से विद्यार्थियों में टीम भावना, सहयोग, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला ।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छ एवं स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया । इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान सफल एवं प्रेरणादायक रहा ।
“स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है ।”

Related Articles

Back to top button