मध्य प्रदेश

बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सेवा के लिए आचार्य सोनी ने किया सत्याग्रह

अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर शासकीय प्राथमिक शाला महगवां में हुआ आयोजन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला महगवां के शिक्षक आचार्य राजा भैया सोनी ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सेवा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में सत्याग्रह किया । इस अवसर पर उन्होंने समाज में बेटियों एवं नारियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया ।
आचार्य राजा भैया सोनी द्वारा बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सेवा के उद्देश्य से विगत तीन दशकों से अधिक समय से ‘नमामि जननि सुकर्म यात्रा’ नामक नवाचार चलाया जा रहा है । इसके माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के जरिए समाज में बेटियों एवं महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा उनके सशक्तिकरण के लिए जनमानस को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है ।
शिक्षक आचार्य राजा भैया सोनी का प्रयास है कि बेटियों के सम्मान को राष्ट्रीय शिक्षा नीति में नैतिक शिक्षा के रूप में अनिवार्य किया जाए । इस संबंध में उनके द्वारा भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया जा चुका है ।
आचार्य राजा भैया सोनी के अनुसार उनके विद्यालयीन नवाचार को वैश्विक स्तर पर इंडिया/एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड तथा विश्व के सर्वश्रेष्ठ एकल अमिट रिकॉर्ड के रूप में भारत के नाम नामांकित किया गया है । साथ ही इस कार्य को युग के श्रेष्ठ कार्य के रूप में चिह्नित करते हुए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय प्रेरक के रूप में नामांकित किए जाने की बात भी कही गई ।
इस अवसर पर आचार्य राजा भैया सोनी ने इस कार्य का माध्यम बनाए जाने के लिए ईश्वर के प्रति कोटि-कोटि धन्यवाद एवं अनंत आभार व्यक्त किया । स्थानीय लोगों और बेटियों के सम्मान के प्रति सकारात्मक सोच रखने वाले नागरिकों ने उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया ।

Related Articles

Back to top button