उमरियापान नगर में निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, जगह-जगह हुआ स्वागत

रिपोर्टर :सतीश चौरसिया
उमरियापान । शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर उमरियापान के कटरा बाजार में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में रामलीला का मंचन कराया जा रहा है । रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का सजीव चित्रण किया जा रहा है । रामलीला देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को कटरा बाजार से बैंड-बाजों के साथ भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न चारों भाइयों की भव्य बारात निकाली गई । बारात नगर के विभिन्न मार्गों से निकली, जहां श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, पूजन और पारंपरिक तरीके से बारात का स्वागत किया । बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं बाराती शामिल हुए । बैंड-बाजों की धुन और जय श्रीराम के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया ।
बारात के दौरान राजेश कटारिया, बरसाना कलेक्शन बब्लू बड़े, आजाद चौक दुर्गा उत्सव समिति, न्यू बस स्टैंड दुर्गा उत्सव समिति, बसोरी चौरसिया के निवास स्थान सहित अनेक स्थानों पर भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के पैर पखारकर स्वागत किया गया । श्रद्धालुओं ने चारों भाइयों को फल-फूल, मिठाई एवं अन्य मिष्ठान अर्पित कर श्रद्धा और भक्ति के साथ बारातियों का सत्कार किया ।



