मध्य प्रदेश

पत्रकार से मारपीट और अपहरण के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे जिले भर के पत्रकार
बेगमगंज प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं दैनिक भास्कर पत्रकार कृष्णा यादव (बिट्टू ) और उनके भाई के साथ हुई घटना को लेकर सौंपा ज्ञापन,
एएसपी दीपक नायक ने उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन

रायसेन। बुधवार को बेगमगंज में दैनिक भास्कर के पत्रकार एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष कृष्णा यादव (बिट्टू) और उनके भाई के साथ कथित मारपीट, अपहरण और बंधक बनाकर रखने की घटना को लेकर जिले भर के पत्रकारों ने रायसेन स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। बेगमगंज, सिलवानी सहित जिला मुख्यालय के पत्रकारों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कठोर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पत्रकारों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। एएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर विभिन्न धाराओं में प्रकरण कायम किया जा चुका है।
उल्लेखनीय हैं कि घटना 8 अक्टूबर 2026 की है। पत्रकार कृष्णा यादव अपने भाई देवेश यादव के साथ कार से ग्राम बिछुआ प्रतापगढ़ जा रहे थे। रास्ते में ग्राम मोदकपुर के पास सड़क और नाली निर्माण कार्य की वीडियो रिकॉर्डिंग करते समय कुछ लोगों ने उनकी कार का पीछा किया और ग्राम भैसा तिगड्डे के पास वाहन रुकवा लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई, उनके मोबाइल छीन लिए गए और कार की चाबी भी निकाल ली गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने दोनों भाइयों को जबरन बाइक पर बैठाकर मोदकपुर स्थित एक घर में ले जाकर करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान मोबाइल का पासवर्ड लेकर कवरेज से संबंधित वीडियो और फोटो डिलीट करने का भी आरोप लगाया गया है। बाद में सुल्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई।
पत्रकारों के अनुसार, घटना में दोनों भाइयों को चोटें आईं। उपचार के दौरान देवेश यादव के बाएं हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि संबंधित स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पत्रकारों ने कहा कि घटना के सात दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पत्रकारों में नाराजगी है। उन्होंने मामले में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार दीपक कांकर, राजकिशोर सोनी, विष्णु यादव, अजय गोहिल, प्रवीण श्रीवास्तव, विजय राठौर, विनीत मांहेश्वरी, देव शाक्या, राहुल राजौरिया, चेतन राय, नीलेश मालवीय, दिनेश यादव, सिलवानी से दिनेश चौरसिया, शुभम् साहू, फहीम मंसूरी, गजेन्द्र गुप्ता, राधेश्याम साहू, फैज खान, आशीष सैनी, नरेश प्रताप सिंह राजपूत, मंडीदीप से अनिल यादव, बेगमगंज से मनोज गुप्ता, शानू रैकवार , विशाल शिल्पकार, आकाश गोहिल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button