मध्य प्रदेश

उमरियापान में 15 दुर्गा पंडालों में विराजीं मां जगदम्बा, दर्शन-पूजन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से जगमगाए दुर्गा पंडाल, कहीं रामलीला तो कहीं रामायण के प्रसारण से भक्तिमय हुआ माहौल
रिपोर्टर :सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  शारदीय नवरात्र पर्व पर उमरियापान नगर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है ।  नगर में विभिन्न स्थानों पर 15 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं । आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से सजे दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं ।  सुबह और शाम मां जगदम्बा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है ।  वहीं, प्रतिदिन होने वाली आरती और महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं । आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है ।
शाम होते ही दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ जाती है ।  माताएं और बहनें मां जगदम्बा के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचती हैं ।  आकर्षक विद्युत सज्जा और भक्ति गीतों से पूरा नगर देवीमय नजर आ रहा है ।  नवरात्र के चलते नगर के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी रौनक बनी हुई है ।
*चंडी माता मंदिर परिसर में महाकाल की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र*
नगर के चंडी माता मंदिर परिसर में स्थापित दुर्गा पंडाल मे माता महाकाली की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है । शाम के समय बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर आकर्षक झांकियों के दर्शन कर रहे हैं ।  पंडालों में की गई सजावट और धार्मिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं ।
*इन स्थानों पर स्थापित की गईं दुर्गा प्रतिमाएं*
उमरियापान नगर में बड़ी माई दुर्गा उत्सव समिति, सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति झंडा चौक, ग्राम पंचायत प्रांगण स्थित दुर्गा उत्सव समिति, न्यू बस स्टैंड दुर्गा उत्सव समिति, जंगल चौकी के पीछे, सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति कटरा बाजार, महाकाली दुर्गा उत्सव समिति चंडी माता, आजाद चौक दुर्गा उत्सव समिति, नई बस्ती, ब्यौहार मोहल्ला, चंडी माता दुर्गा उत्सव समिति, मचकंडा मोहल्ला तथा खेर माता मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं ।  सभी पंडालों में श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं ।
*कटरा बाजार में रामलीला, झंडा चौक में रामायण का प्रसारण*
नवरात्र पर्व के अवसर पर सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति कटरा बाजार के तत्वावधान में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है ।  भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित प्रसंगों का मंचन देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं ।  वहीं, झंडा चौक में वीडियो प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रतिदिन रामायण का प्रसारण किया जा रहा है ।
*सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क*
नवरात्र पर्व के दौरान नगर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल पुलिस स्टाफ के साथ फ्लैग मार्च कर रहे हैं ।  पुलिस द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों और दुर्गा पंडालों के आसपास भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में मां दुर्गा के दर्शन और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें ।

Related Articles

Back to top button